विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'आवाज दबाने से सवाल खत्म नहीं होंगे', राहुल गांधी की कस्टडी पर भड़की कांग्रेस, CM सुक्खू की अगुवाई में लोकभवन के बाहर धरना

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Wed, 07 Oct 2026 01:10 PM (IST)

हिमाचल कांग्रेस ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में शिमला के लोकभवन के बाहर राहुल गांधी की दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया।

शिमला में लोकभवन के बाहर प्रदर्शन करते मुख्यमंत्री सुक्खू व अन्य नेता।

शिमला में लोकभवन के बाहर प्रदर्शन करते मुख्यमंत्री सुक्खू व अन्य नेता।

HighLights

  1. राहुल गांधी की हिरासत के विरोध में हिमाचल कांग्रेस का प्रदर्शन।

  2. सीएम सुक्खू ने हिरासत को लोकतंत्र की हत्या, संविधान पर हमला बताया।

  3. शिमला के लोकभवन के बाहर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हुए शामिल।

राज्य ब्यूरो, शिमला। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को दिल्ली पुलिस की ओर से हिरासत में लिए जाने के विरोध में हिमाचल कांग्रेस ने बुधवार को शिमला में लोकभवन के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार सहित कई कैबिनेट मंत्री, विधायक, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए।

यह कैसी लोकतांत्रिक व्यवस्था

मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि राहुल गांधी, प्रियंका वाड्रा और अन्य सांसदों को हिरासत में लेना लोकतंत्र की हत्या है। यह केवल जनप्रतिनिधियों की गिरफ्तारी नहीं, बल्कि संविधान, असहमति और जनता की आवाज पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि जिसे जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए, उसे संरक्षण दिया जा रहा है और जो जनता की आवाज बनकर खड़ा है, उसे हिरासत में लिया जा रहा है। यह कैसी लोकतांत्रिक व्यवस्था है।

जनता सब देख रही, जवाबदेही तय होकर रहेगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि आवाज दबाने से सवाल खत्म नहीं होंगे। जनता सब देख रही है और जवाबदेही तय होकर रहेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी सरकार ने नैतिक रूप से सत्ता में बने रहने का अधिकार खो दिया है।

वोट चोरी कर सत्ता हासिल की जा रही : सुक्खू

सुक्खू ने आरोप लगाया कि वोट चोरी करके सत्ता हासिल की जा रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री के बेटे और पूर्व प्रधानमंत्री के पोते राहुल गांधी को सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बुधवार को लोकभवन के बाहर प्रदर्शन किया है और वीरवार को पूरे प्रदेश में प्रदर्शन किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें: राष्ट्रपति मुर्मु लॉन्ग वूलन कोट पहनकर अटल टनल पहुंचीं, पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी; देश की अहम परियोजना की जानकारी ली