विक्रमादित्य को CM चेहरा बताने पर गरमाई हिमाचल की सियासत, मंत्री की प्रतिक्रिया के बाद कांग्रेस खेमे में हलचल
हिमाचल कांग्रेस में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर सियासत गरमा गई है, जब पूर्व महासचिव रजनीश किमटा ने विक्रमादित्य सिंह को अगला सीएम बताया।

हिमाचल प्रदेश के कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह। जागरण आर्काइव
HighLights
रजनीश किमटा ने विक्रमादित्य को बताया अगला मुख्यमंत्री।
विक्रमादित्य ने सीएम दावे पर सीधी प्रतिक्रिया नहीं दी।
हिमाचल में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले गरमाई सियासत।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल कांग्रेस में मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर सियासत गरमा गई है। हिमाचल प्रदेश में अगले वर्ष 2027 में विधानसभा चुनाव हैं। इससे पहले कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव रजनीश किमटा की ओर से विक्रमादित्य को मुख्यमंत्री चेहरा बताने से चर्चाएं तेज हो गई हैं। इस चर्चा के बीच हिमाचल के छह बार सीएम रहे वीरभद्र सिंह के पुत्र एवं लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने प्रतिक्रिया दी है।
अभी सफर लंबा
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पूर्व महासचिव रजनीश किमटा ने जो कहा, वह उनके मन का भाव है। इसे किसी दूसरे नजरिये से देखने की जरूरत नहीं है। अभी सफर बहुत लंबा है। इसमें उतार-चढ़ाव आएंगे। मैं वर्तमान में रहता हूं और जो जिम्मेदारी मिली है, उसे निभाने का प्रयास कर रहा हूं। मैं जहां हूं, वहीं खुश हूं।
किमटा ने क्या बयान दिया
किमटा ने विक्रमादित्य को प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री बताया था। उन्होंने कहा था कि हिमाचल का भविष्य मंच पर मौजूद है और विक्रमादित्य प्रदेश का नेतृत्व करेंगे। किमटा ने उन्हें परिपक्व नेता बताते हुए कहा था कि सचिन पायलट के बाद दूसरे राज्यों में चुनाव प्रचार के लिए उनकी मांग रहती है।
न समर्थन न खारिज किया
किमटा के बयान के बाद प्रदेश कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। विक्रमादित्य ने न तो मुख्यमंत्री पद के दावे का समर्थन किया और न ही इसे खारिज किया। मंत्री की प्रतिक्रिया के बाद कांग्रेस खेमे में हलचल है।
सीएम सुक्खू के समर्थक अंदरखाते इसका विरोध भी कर रहे हैं।
इस दौरान उन्होंने चौपाल क्षेत्र में करीब 255 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का उल्लेख किया। इनमें लगभग 150 करोड़ रुपये की लागत से 17 सड़कों का निर्माण शामिल है। उन्होंने ठियोग-चौपाल सड़क को राष्ट्रीय राजमार्ग बनाने का भरोसा भी दिया।
