हिमाचल के CBSE स्कूलों में 1359 पदों पर होगी भर्ती, नॉन टीचिंग स्टाफ रखेगी सरकार; 25 हजार तक वेतन मिलेगा
हिमाचल प्रदेश के सीबीएसई स्कूलों में 1359 गैर-शिक्षक पदों पर आउटसोर्सिंग के जरिए भर्ती की जाएगी। इन पदों पर 5 ...और पढ़ें

हिमाचल प्रदेश के सीबीएसई स्कूलों में 1359 पदों पर भर्ती होगी। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
1359 गैर-शिक्षक पद आउटसोर्स आधार पर भरे जाएंगे।
मासिक वेतन 5 हजार से 25 हजार रुपये तक होगा।
आया, योग शिक्षक, मल्टी टास्क वर्कर जैसे पद शामिल।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में सीबीएसई संबद्ध सरकारी स्कूलों में स्टाफ की कमी दूर करने के लिए 1359 गैरशिक्षक पद आउटसोर्स आधार पर भरे जाएंगे। शिक्षा विभाग ने इन पदों को भरने के लिए हिमाचल प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम को प्रस्ताव भेजा है। भर्ती के तहत कर्मचारियों को पांच हजार से 25 हजार रुपये तक मासिक वेतन मिलेगा। पदों के लिए आयु सीमा 18 से 45 वर्ष निर्धारित है।
शिक्षा विभाग की योजना के अनुसार आया, कैटरिंग सुपरवाइजर, काउंसलर एवं वेलनेस, योग शिक्षक, चौकीदार और स्वीपर के 151-151 पद निर्धारित किए गए हैं। इन छह श्रेणियों में कुल 906 पद होंगे। मल्टी टास्क वर्कर के 453 पद भरे जाएंगे। प्रत्येक स्कूल में तीन मल्टी टास्क वर्कर तैनात करने का प्रविधान विभाग ने पहले से कर रखा है।
सीबीएसई स्कूल 149 हुए
प्रदेश में चढ़ियार और पंजगाई दो और सरकारी स्कूलों को सीबीएसई से मान्यता मिली है। इसके साथ ही संबद्ध सरकारी स्कूलों की संख्या 149 हो गई है।
158 को जोड़ने की योजना
नौ अन्य स्कूलों की संबद्धता प्रक्रिया जारी है। पहले चरण में 158 सरकारी स्कूलों को सीबीएसई से जोड़ने की योजना है। इसके बाद दूसरे चरण में 100 और स्कूलों को सीबीएसई से संबद्ध किया जाएगा। स्कूलों का दायरा बढ़ाने के साथ सहायक स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करना शिक्षा विभाग के लिए अहम रहेगा।
