हिमाचल में मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा तेज, CM सुक्खू और विनय कुमार दिल्ली पहुंचे; सुंदर ठाकुर भी साथ में रवाना
हिमाचल प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार और संगठनात्मक नियुक्तियों को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सुक्खू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार और विधायक सुंदर सिंह ठाकुर दिल्ली पहुंचे।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू। जागरण आर्काइव
HighLights
मुख्यमंत्री सुक्खू, विनय कुमार, सुंदर ठाकुर दिल्ली पहुंचे।
मंत्रिमंडल विस्तार और संगठनात्मक नियुक्तियों पर हुई चर्चा।
सामाजिक, क्षेत्रीय संतुलन पर भी मंथन की संभावना।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार और संगठनात्मक नियुक्तियों को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार और कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर शनिवार को अचानक दिल्ली पहुंचे। तीनों नेताओं के एक ही दिन दिल्ली जाने से प्रदेश की राजनीति में कैबिनेट विस्तार को लेकर चर्चाओं ने फिर जोर पकड़ लिया है।
दिल्ली में पार्टी नेताओं के साथ देर शाम मुलाकात की है। माना जा रहा है कि केंद्रीय नेतृत्व के साथ संभावित मंत्रिमंडल विस्तार और संगठन में नियुक्तियों पर विस्तार से चर्चा हुई है।
दोपहर को अचानक दिल्ली हुए रवाना
मुख्यमंत्री सुक्खू ने शनिवार सुबह अपने सरकारी आवास ओक ओवर में अधिकारियों के साथ बैठक की। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो गए। शुक्रवार तक उनका दिल्ली दौरा प्रस्तावित नहीं था।
इसी तरह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार का भी अचानक दिल्ली जाने का कार्यक्रम बना। उन्हें रविवार को रामपुर बुशहर में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में शामिल होना था।
सीएम के साथ सुंदर भी रवाना
मुख्यमंत्री के साथ कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर के दिल्ली दौरे को भी अहम माना जा रहा है। सुक्खू सार्वजनिक मंचों से कई बार सुंदर ठाकुर को मंत्री बनाने की पैरवी कर चुके हैं। ऐसे में उनके दौरे ने कैबिनेट में नए चेहरे को शामिल करने की संभावनाओं को फिर हवा दे दी है।
राजपूत समुदाय के मंत्री बढ़ने की बात
हालांकि, मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अभी कोई आधिकारिक संकेत नहीं मिला है, लेकिन पार्टी के भीतर सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन का मुद्दा भी चर्चा में है। सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्रिमंडल में शामिल करने से राजपूत समुदाय के मंत्रियों की संख्या बढ़ने की बात उठाई जा रही है।
आशीष बुटेल का नाम भी आगे
वहीं, संतुलन साधने के लिए पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल को भी मंत्री बनाने की मांग की जा रही है, ताकि व्यवसायी वर्ग को प्रतिनिधित्व मिल सके।
संगठनात्मक नियुक्तियां भी होंगी
दूसरी ओर, प्रदेश कांग्रेस कमेटी में सचिव सहित अन्य संगठनात्मक पदों पर नियुक्तियां भी होनी हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के एक साथ दिल्ली पहुंचने से इन नियुक्तियों को लेकर भी फैसले की उम्मीदें बढ़ गई हैं। अब सबकी नजरें केंद्रीय नेतृत्व के साथ होने वाली संभावित चर्चा और उसके बाद सामने आने वाले फैसलों पर टिकी हैं।
