50 हजार करोड़ का निवेश..., हिमाचल के बल्क ड्रग पार्क निर्माण की डेडलाइन तय; PM गति शक्ति बैठक में होगी समीक्षा
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में निर्माणाधीन बल्क ड्रग पार्क की प्रगति की समीक्षा 28 अक्टूबर को पीएम गति शक्ति ...और पढ़ें

बल्क ड्रग पार्क निर्माण की समीक्षा बैठक होगी। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
बल्क ड्रग पार्क की प्रगति समीक्षा 28 अक्टूबर को होगी।
परियोजना पर अब तक 261 करोड़ रुपये के कार्य पूरे।
मार्च 2027 तक निर्माण पूरा करने की चुनौती है।
राज्य ब्यूरो, शिमला। देश के तीन स्वीकृत बल्क ड्रग पार्क में शामिल हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के हरोली में निर्माणाधीन पार्क की प्रगति की समीक्षा 28 अक्टूबर को प्रस्तावित पीएम गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान की बैठक में होगी। प्रदेश के अधिकारियों को परियोजना की मौजूदा स्थिति, भूमि विकास और निर्माण कार्यों की जानकारी देनी होगी। समीक्षा में राज्य के प्रयासों से केंद्र सरकार संतुष्ट होती है तो परियोजना के लिए अगली बड़ी वित्तीय किस्त जारी होने का रास्ता साफ हो सकता है।
261 करोड़ के कार्य हुए
परियोजना स्थल पर अब तक करीब 261 करोड़ रुपये के बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्य पूरे हो चुके हैं या अंतिम चरण में हैं। इनमें 1,400 एकड़ से अधिक प्रस्तावित भूमि का समतलीकरण, निर्बाध औद्योगिक जलापूर्ति के लिए नलकूपों, पाइपलाइनों और स्टोरेज टैंकों का निर्माण, बिजली आपूर्ति के लिए समर्पित सब-स्टेशन और हाईटेंशन ट्रांसमिशन लाइनों का नेटवर्क तथा चारदीवारी और आंतरिक संपर्क सड़कों का निर्माण शामिल है।
समीक्षा बैठक में उद्योग विभाग और कार्यान्वयन एजेंसी के अधिकारी पर्यावरणीय मंजूरियों के अनुपालन और आगामी निर्माण कार्यों का टाइमलाइन चार्ट भी प्रस्तुत करेंगे।
पहली किस्त में मिले थे 225 करोड़ रुपये
केंद्र सरकार के फार्मास्यूटिकल्स विभाग ने वित्तीय वर्ष 2022-23 के अंत में मार्च 2023 में प्रदेश सरकार को पहली किस्त के रूप में 225 करोड़ रुपये जारी किए थे। वर्ष 2022 में स्वीकृत इस परियोजना को पहले जून 2025 तक पूरा किया जाना था। विभिन्न समस्याओं का हवाला देकर प्रदेश सरकार ने समय बढ़ाने का आग्रह किया। इसके बाद समयसीमा पहले मार्च 2026 और फिर केंद्र से मामला उठाने पर मार्च 2027 तक बढ़ाई गई। अब राज्य सरकार के सामने निर्धारित समय में पार्क का निर्माण पूरा करने की चुनौती है।
2,071 करोड़ की परियोजना से 50 हजार करोड़ के निवेश का लक्ष्य
बल्क ड्रग पार्क की कुल लागत 2,071 करोड़ रुपये है, जिसमें केंद्र सरकार 1,000 करोड़ रुपये का योगदान देगी। परियोजना के माध्यम से करीब 50 हजार करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित करने और 15 से 20 हजार लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। ऐसे में आगामी समीक्षा बैठक केवल निर्माण की प्रगति तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि समयसीमा के भीतर परियोजना पूरी करने और आगे की वित्तीय सहायता हासिल करने के लिहाज से भी महत्वपूर्ण होगी।
