विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल में 'अपना सुखी परिवार' योजना में जुड़ेंगे एक लाख लोग, फ्री बिजली व 1500 रुपये मिलने का क्या रहेगा नियम?

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sat, 21 Mar 2026 02:10 PM (IST)Updated: Sat, 21 Mar 2026 03:42 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश में एक लाख बीपीएल परिवारों को 'मुख्यमंत्री अपना सुखी परिवार योजना' में शामिल किया जाएगा। इस योजना के ...और पढ़ें

HighLights

  1. एक लाख बीपीएल परिवार योजना में होंगे शामिल।

  2. महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये की आर्थिक सहायता।

  3. गरीब परिवारों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली मिलेगी।

जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश में बीपीएल श्रेणी के तहत चयनित एक लाख परिवारों को मुख्यमंत्री अपना सुखी परिवार योजना’ में शामिल किया जाएगा। इन परिवारों को कांग्रेस की तीन प्रमुख गारंटियों का लाभ सुनिश्चित करने का प्रविधान किया गया है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत एक लाख महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये की सहायता दी जाएगी। 

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने गरीबी उन्मूलन और आम जनमानस के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने के लिए अपना सुखी परिवार योजना के रूप में एक व्यापक सामाजिक सुरक्षा चक्र की घोषणा की है। मुख्यमंत्री सुक्खू ने बजट के माध्यम से समाज के सबसे निचले पायदान पर खड़े परिवारों को मुख्यधारा में लाने के लिए बड़े आर्थिक पैकेज का एलान किया है।

बिजली और आवास से रोशन होंगे घर

योजना के तहत प्रदेश के एक लाख गरीब परिवारों को हर महीने 300-300 यूनिट मुफ्त बिजली प्रदान की जाएगी। इस निर्णय से न केवल गरीब परिवारों के घरेलू बजट को राहत मिलेगी, बल्कि ऊर्जा के क्षेत्र में हिमाचल के संसाधनों का लाभ सीधे जनता तक पहुंचेगा। 

27 हजार को पक्के मकान

इसके साथ ही, सिर पर छत का सपना पूरा करने के लिए सरकार ने 27,000 पात्र परिवारों को पक्के मकान बनाने के लिए आर्थिक सहायता देने का संकल्प लिया है। यह कदम ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बेघर परिवारों के लिए गरिमापूर्ण जीवन सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा निवेश है। इन परिवारों का चयन जिला प्रशासन के माध्यम से करवाए गए सर्वे से किया गया है।

नारी शक्ति को सुख सम्मान निधि का संबल

महिला सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होने वाली इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि को भी विस्तार दिया गया है। इसके अंतर्गत पात्र महिलाओं को 1500-1500 रुपये प्रति माह की वित्तीय सहायता दी जाएगी। यह राशि महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने और उनकी दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति में सहायक सिद्ध होगी। इसमें सुखी परिवार योजना में शामिल महिलाओं को यह राशि मिलेगी। इससे पहले यह निधि लाहुल स्पीति व चंबा जिले के पांगी की महिलाओं को प्रदान की जा रही है।

यह भी पढ़ें: Himachal Budget Live: एक लाख महिलाओं को 1500 रुपये, 300 यूनिट फ्री बिजली का एलान; CM सुक्खू की बड़ी घोषणाएं 

यह भी पढ़ें: Himachal Budget: क्यों कम हुआ हिमाचल का बजट आकार, प्रदेश पर पड़ेगा कितना असर?