PM मोदी के पिता पर खरगे की टिप्पणी के विरोध में उबाल, शिमला में पुलिस और भाजपा कार्यकर्ता उलझे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री मोदी के दिवंगत पिता पर टिप्पणी के विरोध में हिमाचल प्रदेश में भाजपा ने जोरदार प्रदर्शन किया।
HighLights
खरगे की टिप्पणी पर हिमाचल में भाजपा का प्रदर्शन।
शिमला में पुतला जलाने की कोशिश पर झड़प हुई।
भाजपा ने खरगे से सार्वजनिक माफी की मांग की।
जागरण संवाददाता, शिमला। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर की गई टिप्पणी के विरोध में हिमाचल प्रदेश में बवाल मच गया है। शिमला में भाजपा ने जोरदार प्रदर्शन किया। उपायुक्त कार्यालय के बाहर हुए इस प्रदर्शन के दौरान खरगे का पुतला जलाने की कोशिश की गई, जिस पर पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। इस दौरान काफी देर तक दोनों पक्ष में गहमागहमी बनी रही।
कांग्रेस ने लांघी मर्यादाएं
राज्यसभा सदस्य एवं भाजपा नेता सिकंदर कुमार ने कांग्रेस पर मर्यादाएं लांघने और देश की जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। वहीं, एक नवंबर को दिल्ली में होने वाली कांग्रेस की महारैली और वोट चोरी के आरोपों पर भी सिकंदर कुमार ने पलटवार किया।
इनकी भाषा भारतीय संस्कृति और संस्कारों के विरुद्ध
सिकंदर कुमार ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दिवंगत पिता के लिए जिस तरह के अपशब्दों का इस्तेमाल किया है, उसकी भारतीय जनता पार्टी कड़े शब्दों में निंदा करती है। उन्होंने कहा कि इस तरह की भाषा भारतीय संस्कृति और संस्कारों के विरुद्ध है और भाजपा इसे बिल्कुल सहन नहीं करेगी। खरगे को सार्वजनिक रूप से पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए।
यह भी पढ़ें: 'राजनीतिक विरोध अपनी जगह, PM मोदी के दिवंगत पिता पर टिप्पणी अक्षम्य; खरगे के बयान पर हिमाचल भाजपा आगबबूला
