विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'राजनीतिक विरोध अपनी जगह, PM मोदी के दिवंगत पिता पर टिप्पणी अक्षम्य; खरगे के बयान पर हिमाचल भाजपा आगबबूला

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Mon, 26 Oct 2026 12:51 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा पीएम मोदी के दिवंगत पिता पर की गई अभद्र टिप्पणी की कड़ी निंदा की है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी। जागरण आर्काइव

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. हिमाचल भाजपा अध्यक्ष ने खरगे की टिप्पणी की कड़ी निंदा की।

  2. पीएम मोदी के दिवंगत पिता पर अभद्र टिप्पणी अक्षम्य बताई।

  3. खरगे से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।

जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पिता के विरुद्ध की गई अभद्र एवं अपमानजनक टिप्पणी की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन किसी व्यक्ति के दिवंगत पिता के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग करना भारतीय संस्कृति, सामाजिक मर्यादा और लोकतांत्रिक मूल्यों के सर्वथा विपरीत है।

यह कांग्रेस की राजनीतिक हताशा

डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपना संपूर्ण जीवन देश और समाज की सेवा के लिए समर्पित किया है। ऐसे व्यक्तित्व के परिवार के प्रति अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जिस प्रकार की भाषा और भावनाओं का प्रदर्शन किया, वह कांग्रेस की राजनीतिक हताशा और वैचारिक दिवालियेपन को दर्शाता है।

माता-पिता को अपमानित करने का अधिकार किसी को नहीं

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस प्रकार की टिप्पणियों की कठोर शब्दों में निंदा करती है। राजनीति में विचारों का विरोध हो सकता है, नीतियों की आलोचना हो सकती है, लेकिन किसी के माता-पिता और परिवार को अपमानित करने का अधिकार किसी को नहीं है। उन्होंने मांग की कि मल्लिकार्जुन खरगे अपने कथित वक्तव्य के लिए देश की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।

अराजकता का वातावरण पैदा करने की कोशिश

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस नेतृत्व पर देश में अराजकता का वातावरण पैदा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भारत का लोकतंत्र मजबूत है और देश की जनता किसी भी प्रकार की अराजकता को स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक मर्यादाओं का सम्मान करने की अपील की।

डॉ. बिंदल ने कहा कि भारत को बांग्लादेश जैसी परिस्थितियों की ओर धकेलने संबंधी कथित विचार अत्यंत चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि भारत एक सशक्त लोकतांत्रिक राष्ट्र है और यहां राजनीतिक मतभेदों का समाधान संविधान तथा लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के माध्यम से ही होगा।

सार्वजनिक माफी मांगें खरगे

डॉ. बिंदल ने कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे को प्रधानमंत्री के परिवार के विरुद्ध अपमानजनक टिप्पणी के लिए सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए। राजनीतिक शुचिता, शालीनता और लोकतांत्रिक मर्यादा का पालन करना प्रत्येक राजनीतिक दल और उसके नेतृत्व का दायित्व है।

यह भी पढ़ें: 'इंटेलिजेंस और प्रशासनिक फेलियर था ऑपरेशन ब्लूस्टार', कसौली लिटफेस्ट में लेखक प्रोबल दासगुप्ता ने दी बेबाक राय