हिमाचल की सुक्खू सरकार ने बढ़ाई खिलाड़ियों की डाइट मनी, अंडर-19 प्लेयर्स को भी मिलेंगे 250 रुपये प्रतिदिन
हिमाचल प्रदेश सरकार ने स्कूली खिलाड़ियों की डाइट मनी में समानता लाई है। अब अंडर-14 से अंडर-19 तक सभी आयु वर्ग के खिलाड़ियों को प्रतिदिन 250 रुपये मिलेंगे।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू। जागरण आर्काइव
HighLights
स्कूली खिलाड़ियों की डाइट मनी में समानता लाई गई।
सभी आयु वर्गों को मिलेंगे प्रतिदिन 250 रुपये।
मुख्यमंत्री सुक्खू के निर्देश पर हुआ यह फैसला।
राज्य ब्यूरो, शिमला। खेल के मैदान में एक समान प्रदर्शन का जज्बा रखने वाले हिमाचल के स्कूली खिलाड़ियों को अब डाईट मनी के लिए भी समान राशि मिलेगी। राज्य सरकार ने स्कूल स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों के बीच डाईट मनी का अंतर खत्म कर दिया है। अब अंडर-14 से लेकर अंडर-19 तक सभी आयु वर्गों के खिलाड़ियों को प्रतिदिन 250 रुपये मिलेंगे। इससे वरिष्ठ वर्ग के खिलाड़ियों को सबसे अधिक राहत मिलेगी, जिन्हें अब तक जूनियर खिलाड़ियों के मुकाबले आधे से भी कम राशि मिल रही थी।
स्कूल शिक्षा निदेशक आशीष कोहली ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। नई व्यवस्था जिला और राज्य स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के साथ स्वीकृत प्रशिक्षण शिविरों में भी लागू होगी।
अंडर-19 को मिल रहे थे 120 रुपये
अब खेल विधा या आयु वर्ग के आधार पर डाइट मनी की दर अलग-अलग नहीं होगी। अभी तक अंडर-14 वर्ग के खिलाडिय़ों को प्रतिदिन 250 रुपये डाइट मनी मिल रही थी, जबकि अंडर-19 वर्ग के खिलाड़ियों को केवल 120 रुपये दिए जा रहे थे। ऐसे में अधिक उम्र के खिलाड़ियों को भोजन और पोषण के लिए कम राशि में गुजारा करना पड़ता था।
खेल प्रतियोगिताओं और प्रशिक्षण शिविरों के दौरान खिलाड़ियों को अपनी ऊर्जा और शारीरिक क्षमता बनाए रखने के लिए पौष्टिक आहार की जरूरत होती है। महंगाई के दौर में 120 रुपये की राशि कम पड़ रही थी।
सीएम सुक्खू के ध्यान में लाया गया था मामला
इस अंतर का मामला मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के ध्यान में लाया गया था। इसके बाद उन्होंने सभी आयु वर्गों के खिलाड़ियों को समान डाइट मनी देने के निर्देश दिए। अब अंडर-19 खिलाडिय़ों को प्रतिदिन 130 रुपये अधिक मिलेंगे। विभाग के आदेशों के अनुसार, जिला और राज्य स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के अलावा स्वीकृत प्रशिक्षण शिविरों में हिस्सा लेने वाले खिलाडिय़ों को भी 250 रुपये प्रतिदिन की दर से डाइट मनी मिलेगी।
