हेलीटैक्सी सेवा में इस्तेमाल होगा मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर
4 जून से शिमला से चंडीगढ़ के लिए हेलीटैक्सी सेवा शुरु हो रही है जिसके लिए प्रदेश सरकार का चौपर इस्तेमाल किया जाएगा।
शिमला, राज्य ब्यूरो। शिमला से चंडीगढ़ तक शुरू होने वाली हेलीटैक्सी सेवा में प्रदेश सरकार का चौपर इस्तेमाल किया जाएगा। इस संबंध में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी मंजूरी प्रदान कर दी है। हेलीटैक्सी सेवा चार जून से शुरू होगी। इस बारे में वीरवार को पवनहंस कंपनी और मुख्य सचिव विनीत चौधरी के बीच बैठक हुई है, जिसमें यह निर्णय लिया गया। हेलीटैक्सी हर सोमवार और शुक्रवार को उड़ान भरेगी।
यह चौपर शिमला के जुबड़हट्टी से आठ बजे उड़ान भरेगा और चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर करीब साढ़े आठ बजे उतरेगा। चंडीगढ़ एयरपोर्ट से नौ बजे शिमला के लिए उड़ान भरेगा। हेलीटैक्सी में19 यात्री एक साथ बैठ सकेंगे। हेलीटैक्सी की टिकट की बुकिंग पवनहंस कंपनी की वेबसाइट के अलावा शिमला स्थित पर्यटन निगम कार्यालय, चंडीगढ़ और दिल्ली में स्थित हिमाचल भवन में करवाई जा सकेगी।
इसके अलावा प्रदेश सरकार जुबड़हट्टी और चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर भी एक-एक टिकट काउंटर खोलेगी। हेलीटैक्सी में शिमला से चंडीगढ़ तक का प्रति व्यक्ति का सफर 2999 रुपये में होगा। यह किराया करीब दो माह तक रहेगा। इसके बाद प्रदेश सरकार इसे बढ़ा सकती है। फिलहाल प्रदेश सरकार को इस हेलीटैक्सी को शुरू करने के लिए कोई अतिरिक्त खर्च नहीं उठाना पड़ेगा। पवनहंस कंपनी भी प्रदेश सरकार के साथ जो करार हुआ है उसी में हेलीटैक्सी सेवा देने को मान गई है।
प्रदेश सरकार फिलहाल पायलट प्रोजेक्ट के रूप में इसे शुरू करेगी। यदि यह प्रयोग सफल रहता है तो दो माह बाद पवनहंस कंपनी ही हेलीटैक्सी के लिए अलग से चौपर उड़ाएगी। मुख्यमंत्री के लिए इस्तेमाल होने वाला हेलीकॉप्टर ही शिमला से चंडीगढ़ हेलीटैक्सी सेवा देगा। लोगों की सुविधा को देखते हुए मुख्यमंत्री ने भी हामी भर दी है। यह उड़ान चार जून से शुरू की जाएगी।
विनीत चौधरी, मुख्य सचिव प्रदेश सरकार