शिमला में भारी बर्फबारी: महिला पर पेड़ गिरा, बर्फ पर फिसलकर नौ लोगों की हड्डियां टूटी; पढ़ें खबर
Heavy Snowfall in Shimla राजधानी शिमला में भारी बर्फबारी के कारण टनल 103 के पास एक विशालकाय पेड़ गिर गया।
शिमला, जेएनएन। राजधानी शिमला में भारी बर्फबारी के कारण टनल 103 के पास एक विशालकाय पेड़ गिर गया। पेड़ गिरने से लोक निर्माण विभाग की वर्षाशालिका में खड़ी महिला को गंभीर चोटें आई हैं। महिला को आइजीएमसी अस्पताल पहुंचाया गया। महिला की पहचान घोड़ा चौकी निवासी नीलम के रूप में हुई है। बर्फबारी के कारण बसें न चलने के करण वह पैदल घोड़ा चौकी से शिमला की ओर आ रही थी कि अचानक पेड़ गिर गया। पेड़ गिरने के कारण वर्षाशालिका व साथ लगती दुकान भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पेड़ गिरने के कारण मार्ग भी अवरुद्ध हो गया। मंगलवार देर शाम को भी बर्फबारी के कारण टालेंड में एक पेड़ गिरा था इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। इसके अलावा भी शहर के कई स्थानों पर पेड़ गिरने की सूचना है।
बर्फ पर गिरकर हड्डियां टूटने के नौ मामले पहुंचे अस्पताल
राजधानी शिमला में लोगों का बर्फ से गिरकर अस्पताल पहुंचने का सिलसिला बुधवार को दिन भर जारी रहा। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आइजीएमसी) शिमला में 9 मामले बर्फ पर गिरकर हड्डी टूटने के पहुंचे हैं, जबकि दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल शिमला में दिन भर बर्फ पर गिरकर घायल हुए लोगों के एक्सरे होते रहे। शहर के रास्तों में अभी भी बर्फ जमा होने के कारण लोग फिसल कर गिर रहे हैं। हैं। अधिक लोगों को बर्फ पर गिरकर अंदरुनी चोटें आई हैं। राजधानी घूमने आने वाले सैलानियों को भी बर्फ ने जख्म दिए हैं। बर्फ पर गिरने के अधिक मामले लक्कड़ बाजार, रिज मैदान, माल रोड, लिफ्ट, आइजीएमसी मार्ग व लोअर बाजार में सामने आए हैं। इसके अलावा निजी अस्पतालों में भी बर्फ पर गिरने के मामले पहुंचे हैं।