हिमाचल के मिड-डे मील कुक-कम-हेल्परों के लिए बड़ी खुशखबरी! अब हर महीने मिलेंगे 5500 रुपये मानदेय
हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में मिड-डे मील कुक-कम-हेल्परों को बड़ी राहत मिली है। शिक्षा निदेशालय ने उनके मानदेय भुगतान की पुरानी व्यवस्था बहाल कर दी है।

मिड-डे मील कुक-कम-हेल्परों को बड़ी राहत। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
कुक-कम-हेल्परों को अब 5,500 रुपये मासिक मानदेय मिलेगा
मानदेय भुगतान की पुरानी 10 महीने की व्यवस्था बहाल
शिक्षा निदेशालय ने कर्मचारियों की मांग पर लिया फैसला
राज्य ब्यूरो, शिमला। प्रदेश के सरकारी स्कूलों में मिड-डे मील योजना के तहत बच्चों के लिए भोजन तैयार करने वाले कुक-कम-हेल्परों को स्कूल शिक्षा निदेशालय ने बड़ी राहत दी है। निदेशालय ने इनके मानदेय भुगतान की व्यवस्था में अहम बदलाव करते हुए पुरानी प्रणाली को फिर से बहाल कर दिया है।
ताजा फैसले के अनुसार, अब इन कर्मचारियों को 55 हजार रुपये का सालाना मानदेय 12 महीनों के बजाय पहले की तरह 10 शैक्षणिक महीनों में ही दिया जाएगा। इस निर्णय के बाद प्रत्येक कुक-कम-हेल्पर को प्रति माह 5,500 रुपये मानदेय के रूप में प्राप्त होंगे।
स्कूल शिक्षा निदेशालय की ओर से 27 नवंबर को प्रदेश के सभी खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों (बीईईओ) को इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी किया गया है।
पत्र में स्पष्ट किया गया है कि 24 सितंबर 2026 को जारी उन पुराने निर्देशों को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाता है, जिनमें सालाना स्वीकृत 55 हजार रुपये की राशि को 10 के स्थान पर 12 समान मासिक किस्तों में बांटकर देने का प्रविधान किया गया था। 12 किस्तों में भुगतान होने के कारण कर्मियों को हर महीने कम राशि मिल रही थी, जिसे लेकर कर्मचारियों में रोष था।
यूनियन की मांगों पर विभाग ने लिया फैसला
शिक्षा निदेशालय ने अपने ताजा आदेश में स्पष्ट किया है कि कुक-कम-हेल्परों की ओर से लगातार प्राप्त हो रही मांगों को ध्यान में रखते हुए पूर्व की भुगतान व्यवस्था को फिर से लागू किया जा रहा है। अब उन्हें 55 हजार रुपये का वार्षिक मानदेय 10 शैक्षणिक महीनों के दौरान ही जारी किया जाएगा।
अधिकारियों को सख्ती से अनुपालन के निर्देश
नई व्यवस्था को समयबद्ध तरीके से लागू करने के लिए निदेशालय ने सभी ब्लाक प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों (बीईईओ) को नए निर्देशों के अनुरूप ही मानदेय का भुगतान सुनिश्चित करने को कहा है।
इसके साथ ही आदेशों का सख्ती से पालन करवाने के लिए पत्र की प्रतिलिपि सभी जिला उपनिदेशकों (प्रारंभिक शिक्षा) को भी भेजी गई है, ताकि किसी भी स्तर पर भुगतान में देरी या लापरवाही न हो।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।