ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क व तीर्थन वन्यजीव अभयारण्य देश में सर्वश्रेष्ठ
हिमालयन नेशनल पार्क और तीर्थन वन्यजीव अभयारण्य को पूरे देश में सर्वश्रेष्ठ संरि
राज्य ब्यूरो, शिमला : हिमालयन नेशनल पार्क और तीर्थन वन्यजीव अभयारण्य को पूरे देश में सर्वश्रेष्ठ संरक्षित क्षेत्र के रूप में स्थान दिया गया है। सैंज वन्यजीव अभयारण्य को भी शीर्ष पाच में स्थान दिया गया है। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री प्रकाश जावडे़कर की ओर से 11 जनवरी को नई दिल्ली में भारत में राष्ट्रीय उद्यानों और वन्यजीव अभयारण्यों के प्रबंधन प्रभावशाली मूल्याकन रिपोर्ट जारी की गई। यह जानकारी वन मंत्री राकेश पठानिया ने दी।
वन मंत्री ने कहा कि यह बहुत संतोष व गर्व की बात है कि देश के पाच सबसे अच्छे प्रबंधित संरक्षित क्षेत्रों में से तीन हिमाचल प्रदेश के हैं। यह प्रदेश के वनों और वन्य जीवों के संरक्षण की दिशा में प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता और निरंतर प्रयासों को दर्शाता है। उन्होंने इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए वन्य जीव प्रभाव और पार्क प्रबंधकों, कर्मचारियों को बधाई दी।
हिमाचल प्रदेश में पाच राष्ट्रीय उद्यान, 28 वन्यजीव अभयारण्य और तीन संरक्षण आरक्षित क्षेत्र हैं, जिससे प्रदेश का 8391.42 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को कवर होता है, यह राज्य के कुल भौगोलिक क्षेत्र का 15 फीसद है।
-------
क्या हैं मापदंड
राष्ट्रीय स्तर पर 146 राष्ट्रीय उद्यान और वन्यजीव अभयारण्यों, जिनमें हिमाचल प्रदेश के 13 संरक्षित क्षेत्र शामिल थे, की मूल्याकन प्रक्रिया भारतीय वन्यजीव संस्थान, देहरादून व स्वतंत्र मूल्याकनकर्ताओं की एक टीम के माध्यम से की गई। स्टाफ की स्थिति, वित्तीय संसाधन, संरक्षण की सीमा, संरक्षण मूल्यों के प्रति समुदायों की भागीदारी और जागरूकता सहित विभिन्न मापदंडों का मूल्याकन किया गया। राष्ट्रीय औसत 62 फीसद की तुलना में ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क और तीर्थन वन्यजीव अभयारण्य ने 82.17 फीसद अंक प्राप्त किए, जबकि सैंज वन्य जीव अभयारण्य ने 82.5 फीसद अंक प्राप्त किए।