दीवाली से पहले HRTC के 8500 पेंशनरों को तोहफा! 3 प्रतिशत डीए जारी; मेडिकल बिलों का भी होगा भुगतान
हिमाचल पथ परिवहन निगम के 8500 पेंशनरों को सरकार ने 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता जारी करने का निर्णय लिया है।

एचआरटीसी के 8500 पेंशनरों को 3 प्रतिशत डीए जारी।
HighLights
एचआरटीसी के 8500 पेंशनरों को 3 प्रतिशत डीए जारी।
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने जारी किए निर्देश।
पेंशनरों की 8 प्रतिशत डीए की मांग अभी लंबित।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के करीब 8500 पेंशनरों को सरकार ने 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) जारी करने का निर्णय लिया है। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रामपुर से लौटने के बाद अधिकारियों के साथ बैठक कर डीए जारी करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही कर्मचारियों के वेतन और पेंशन का भुगतान सुनिश्चित करने को भी कहा है। हालांकि पेंशनर और कर्मचारी 8 प्रतिशत डीए जारी करने की मांग कर रहे थे। ऐसे में सरकार के इस फैसले से उन्हें आंशिक राहत ही मिली है।
उप मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों के लंबित चिकित्सा बिलों की अदायगी और पेंशन संबंधी मामलों के निर्धारण के भी निर्देश दिए हैं। इन मामलों का निपटारा चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। लंबे समय से वित्तीय देनदारियों के भुगतान की मांग कर रहे पेंशनरों के लिए यह निर्णय राहत लेकर आया है, लेकिन उनकी सभी मांगें अभी पूरी नहीं हुई हैं।
उधर, एचआरटीसी पेंशनर संयुक्त समन्वय समिति ने वीरवार को बैठक बुलाई है। समिति के सचिव राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि इसमें सरकार की ओर से तीन प्रतिशत डीए जारी करने और अन्य मांगों पर दिए गए आश्वासन पर चर्चा होगी। बैठक में यह तय किया जाएगा कि लंबित मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखा जाए या धरना-प्रदर्शन स्थगित किया जाए।
पेंशनरों की प्रमुख मांगों में लंबित महंगाई भत्ते का भुगतान, नियमित रूप से पेंशन जारी करना और चिकित्सा बिलों का निपटारा शामिल है। समिति के निर्णय पर अब सबकी नजरें टिकी हैं। तीन प्रतिशत डीए जारी होने के बाद भी आठ प्रतिशत डीए की मांग पूरी न होने से पेंशनरों में आगे की रणनीति को लेकर मंथन जारी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।