आग से हिमाचल में जलीं 75 स्कूटी, करोड़ों का नुकसान
अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर करीब एक करोड़ की संपत्ति को बचाया। आग लगने के कारण आतिशबाजी बताया जा रहा है।
जेएनएन, शिमला/मंडी/कांगड़ा। हिमाचल में दीपावली की रात अलग-अलग जगह आग लगने से चार बच्चों समेत 22 लोग झुलस गए। वहीं, आग से आठ मकान, आठ पशुशालाएं व दो दुकानें भी जल गई। इसके अलावा होंडा एजेंसी में आग लगने से 75 स्कूटी भी जल गई। प्रदेश में विभिन्न घटनाओं से करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है।
कांगड़ा में होंडा एजेंसी के शोरूम में लगी आग से 75 स्कूटी जल गई। हादसे में करीब 45 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर करीब एक करोड़ की संपत्ति को बचाया। आग लगने के कारण आतिशबाजी बताया जा रहा है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया और शोरूम में खड़ी 125 स्कूटियों को जलने से बचा लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उधर, कांगडा के नटेरन में पशुशाला में आग लगने से करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हो गया। जिला शिमला में दीपावली की रात पटाखों व शॉर्ट सर्किट से 12 स्थानों पर आग लगी। इससे एक करोड़ 67 लाख रुपये का नुकसान आंका गया है। रोहडू उपमंडल के तहत बैचड़ी के जांगला में 12 कमरों का मकान जल गया।