गांधी परिवार पर टिप्पणी को लेकर कंगना रनौत के खिलाफ FIR दर्ज, तीन धाराओं में बालूगंज थाने में दर्ज हुआ मामला
भाजपा सांसद कंगना रनौत के खिलाफ गांधी परिवार पर सोशल मीडिया टिप्पणी को लेकर शिमला में एफआईआर दर्ज की गई ...और पढ़ें
-1794591359430_m.webp)
कंगना रनौत के खिलाफ FIR दर्ज। फाइल फोटो
HighLights
कंगना रनौत के खिलाफ गांधी परिवार पर टिप्पणी का मामला।
शिमला पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत एफआईआर दर्ज की।
कैप्टन अतुल शर्मा की शिकायत पर जांच शुरू हुई।
जागरण संवाददाता, शिमला। गांधी परिवार को लेकर सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों के मामले में भाजपा सांसद कंगना रनौत की मुश्किलें बढ़ गई हैं। शिमला पुलिस ने उनकी सोशल मीडिया पोस्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196, 353 और 356 के तहत बालूगंज थाने में एफआईआर दर्ज की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पोस्ट के माध्यम से गांधी परिवार के सदस्यों की मौत और राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं।
शिमला के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिमला पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 356, 353 और 196 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सोशल मीडिया पोस्ट पर जताई आपत्ति
जानकारी के अनुसार, शिमला निवासी कैप्टन अतुल शर्मा ने 12 नवंबर को पुलिस महानिदेशक को ईमेल के माध्यम से शिकायत भेजी थी। शिकायत की प्रतियां सीआईडी और साइबर क्राइम विंग के वरिष्ठ अधिकारियों को भी भेजी गई थीं।
शिकायत में कंगना रनौत के सत्यापित एक्स अकाउंट से 10 नवंबर को साझा की गई पोस्टों पर आपत्ति जताई गई थी। इन पोस्टों के साथ गांधी परिवार का एक पुराना वीडियो भी साझा किया गया था।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि पोस्ट में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, संजय गांधी और राजीव गांधी की मौतों को सोनिया गांधी के राजनीतिक उदय से जोड़ते हुए टिप्पणियां की गईं।
सोनिया गांधी को कथित तौर पर 'रहस्यमयी विदेशी' बताने वाली टिप्पणी पर भी आपत्ति जताई गई है। शिकायतकर्ता के अनुसार, इस तरह की पोस्ट से विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य फैलने और सामाजिक सद्भाव प्रभावित होने की आशंका है।
कंगना रनौत की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई
कैप्टन अतुल शर्मा ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच करने और सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़े डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रखने की मांग की है। इसमें पोस्ट का मेटाडाटा, मूल वीडियो और अन्य इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड शामिल हैं।
फिलहाल मामले में कंगना रनौत की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों और सोशल मीडिया सामग्री की जांच कर रही है।