विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब एक खेत से 7-8 फसलें उगाकर मालामाल होंगे किसान, हिमाचल में लागू हो रहा नया कृषि मॉडल

Published: Sun, 29 Nov 2026 04:07 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश में कृषि विभाग किसानों की आय बढ़ाने के लिए 'मित्र फसलों' के संयोजन से बहुफसली खेती मॉडल लागू करेगा।

एक खेत, सात फसलें किसान की बढ़ाएगी कमाई। एआई जेनरेटेड तस्वीर।

एक खेत, सात फसलें किसान की बढ़ाएगी कमाई। एआई जेनरेटेड तस्वीर।

HighLights

  1. एक खेत से सात-आठ फसलें उगाने का मॉडल लागू होगा।

  2. किसानों की आय बढ़ाने और जोखिम कम करने पर जोर दिया जाएगा।

  3. प्राकृतिक संसाधनों का बेहतर उपयोग, कीट नियंत्रण में सहायक।

राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल में खेती को केवल एक फसल पर निर्भर रखने की अपेक्षा एक खेत से सात-आठ फसलों के उत्पादन लेने का मॉडल लागू होगा। किसानों की आय बढ़ाने और खेती में फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करने के लिए कृषि विभाग मित्र फसलों के संयोजन के साथ बहुफसली खेती की रणनीति पर काम कर रहा है।

इसके तहत कृषि विशेषज्ञ गांव-गांव जाकर किसानों को ऐसी फसलों की जानकारी देंगे, जिन्हें एक ही खेत में वैज्ञानिक तरीके से साथ उगाया जा सके। इससे किसानों को एक ही मौसम में कई फसलों से आमदनी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा, जबकि किसी एक फसल के उत्पादन या बाजार भाव में गिरावट का जोखिम भी दूसरी फसलों के सहारे कम किया जा सकेगा। सभी जिलों के किसानों को इसकी जानकारी दी जाएगी।

इस मॉडल में एसी फसलों को एक साथ लगाने पर जोर रहेगा, जो जमीन, पानी, पोषक तत्वों और उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग कर सकें। निचले, मध्यवर्ती और ऊंचाई वाले क्षेत्रों के किसानों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप खेती का विकल्प मिल सके।

सात-आठ फसलों के उत्पादन के साथ उनकी बिक्री और बाजार तक पहुंच सुनिश्चित करना भी इस मॉडल की सफलता का महत्वपूर्ण हिस्सा रहेगा। स्थानीय बाजार, मंडियों, खरीदारों और जरूरत पड़ने पर प्रसंस्करण से जोड़ने की व्यवस्था पर ध्यान देना होगा, ताकि विविध फसलों का उत्पादन किसानों के लिए वास्तविक आय में बदल सके।

कृषि विशेषज्ञ किसानों को केवल फसल लगाने की तकनीक ही नहीं बताएंगे, बल्कि बीज चयन, फसल प्रबंधन, खाद एवं पोषक तत्वों के संतुलित इस्तेमाल, रोग एवं कीट नियंत्रण, उत्पादन लागत और कटाई के बाद उत्पादों के प्रबंधन की जानकारी भी देंगे। -रविंद्र सिंह जसरोटिया, निदेशक कृषि विभाग

रबी सीजन अक्टूबर नवंबर से मार्च अप्रैल के लिए आठ मित्र फसलें

गेहूं या जौ मुख्य फसल, चना या मटर (दलहनी फसल): इनकी जड़ें हवा से नाइट्रोजन खींचकर जमीन में जमा करती हैं, जो गेहूं को खाद देती है।
सरसों (तिलहन): खेत की मेड़ों या कतारों में उगती है, यह मित्र कीटों (मधुमक्खियों) को आकर्षित करती है।
अलसी (तिलहन): इसकी गंध और फूल कई हानिकारक कीटों को फसल से दूर रखते हैं।
धनिया (मसाला): इसकी तेज सुगंध माहू जैसे रस चूसने वाले कीटों को भ्रमित करती है।
लहसुन या प्याज (कंद फसल): जमीन के अंदर फफूंद और दीमक जैसे मिट्टी जनित रोगों को रोकता है।
मेथी या पालक (पत्तेदार सब्जी): शुरुआती 30-40 दिनों में तैयार होकर खेत में खरपतवार (घास) नहीं उगने देती।
गेंदा (फूल): खेत के चारों ओर या बीच में लगाने से जड़ों में लगने वाले निमेटोड'(सूत्रकृमि) रोग से बचाव होता है।

खरीफ सीजन जून-जुलाई से अक्टूबर के 7 मित्र फसलों का मॉडल

  • मक्का या ज्वार मुख्य फसल यह ऊंचाई पर बढ़ता है और बेल वाली फसलों को सहारा (मचान) देता है।
  • अरहर (तूर दाल): गहरी जड़ों वाली फसल, जो मिट्टी को भुरभुरा बनाती है और नाइट्रोजन फिक्स करती है।
  • उड़द या मूंग: कम समय में तैयार होने वाली दाल, जो जमीन को ढककर नमी बनाए रखती है।
  • लोबिया या राजमा (फलीदार): मक्का के तने पर चढ़कर बढ़ती है और अतिरिक्त प्रोटीनयुक्त उपज देती है।
  • हल्दी या अदरक: मक्का और अरहर की हल्की छांव में जमीन के नीचे बेहतरीन पैदावार देती है।
  • भिंडी: खेत की बाहरी कतारों में उगकर मुख्य फसलों को तेज हवा और कीटों से बचाती है (ट्रैप क्राप)।
  • तिल या सूरजमुखी: परागण बढ़ाने के लिए मधुमक्खियों को खेत में बुलाती है।

मित्र फसल मॉडल के 4 बड़े फायदे

खाद और पानी की बचत: दलहनी फसलें नाइट्रोजन बनाती हैं और पत्तेदार फसलें जमीन को ढककर (मल्चिंग) पानी का वाष्पीकरण रोकती हैं, जिससे 30-40 प्रतिशत पानी बचता है।
प्राकृतिक कीट नियंत्रण: धनिया, लहसुन और गेंदा की गंध से कीटनाशकों का खर्च लगभग शून्य हो जाता है।
जोखिम से सुरक्षा: यदि खराब मौसम या ओलावृष्टि से एक फसल को नुकसान हो भी जाए, तो बाकी 6-7 फसलें किसान की आय सुरक्षित रखती हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।