मंडी में गुजरात की ईवीएम से होगा मतदान
देश में आज तक हुए विधानसभा व लोकसभा चुनाव में पहली बार मतदान करवाने के लिए दो बैलेट यूनिट यानि दो-दो ईवीएम को लगाकर मतदान करवाया जाएगा।
राज्य ब्यूरो, शिमला : प्रदेश में अब तक हुए विधानसभा व लोकसभा चुनाव में पहली बार दो बैलेट यूनिट यानी दो ईवीएम लगाकर मतदान करवाया जाएगा। मंडी लोकसभा क्षेत्र में 17 उम्मीदवारों के मैदान में होने के कारण उनके नाम एक मशीन में न आने से दो-दो बैलेट यूनिट लगानी पड़ेंगी। इसके लिए अब दो हजार ईवीएम गुजरात से लाने के लिए फोर्स भेज दी है।
यह जानकारी शुक्रवार को शिमला में पत्रकारों से बातचीत में मुख्य निर्वाचन अधिकारी देवेश कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि 19 मई को होने वाले मतदान के लिए 7730 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 7723 सामान्य मतदान केंद्र और सात सहायक मतदान केंद्र हैं। चुनाव में 47 अर्धसैनिक बलों की कंपनियां तैनात की गई हैं। अन्य राज्यों में हिमाचल पुलिस के जवानों की तैनाती की वजह से 3200 पुलिस कर्मचारी या अन्य राज्यों से गृहरक्षक मांगे गए हैं। मतपत्रों को गिनने का जिम्मा हर मतगणना केंद्र पर 20-20 अधिकारियों को दिया जाएगा। स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के लिए 207 उड़नदस्ते, 207 स्टेटिक सर्विलांस टीम, 77 सहायक व्यय पर्यवेक्षक, 134 वीडियो सर्विलांस टीम की तैनाती की गई है।
मतदान के लिए पालकी की व्यवस्था के निर्देश
लोकसभा चुनाव में 45 उम्मीदवारों का भविष्य तय करने के लिए 1,52,390 मतदाता पहली बार मतदान करेंगे। इतिहास में पहली बार मतदान करने वालों की संख्या इतनी अधिक है। इस बार प्रदेश में 136 केंद्र केवल महिला कर्मियों और दस दिव्यांग कर्मियों द्वारा चलाए जाएंगे। लाहुल स्पीति का 15256 फुट की ऊंचाई पर स्थित टाशीगांग विश्व का सबसे ऊंचा मतदान केंद्र है। वहां 49 मतदाता हैं।
मतदाताओं की अंतिम संख्या
क्षेत्र,मतदान केंद्र,पुरुष,महिला,ट्रांसजेंटर,कुल
कांगड़ा,1874,727384,699934,20,1427338
मंडी,2079,650796,630661,05,1281462
हमीरपुर,1764,691683,670579,07,1362269
शिमला,2006,654248,604822,15,1259085
कुल,7723,2724111,2605996,47,5330154
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप