पीएबी की बैठक में हिमाचल ने दी प्रस्तुति, बजट पर आज लग सकती है मुहर
हिमाचल में शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए केंद्र सरकार मदद कर
जागरण संवाददाता, शिमला : हिमाचल में शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए केंद्र सरकार मदद करेगी। प्रदेश के प्राइमरी स्कूलों की हालत को सुधारा जाएगा। स्कूलों में स्मार्ट क्लास रूम बनाए जाएंगे। स्ट्रेंथनिंग टीचिंग-लर्निग एंड रिजल्ट्स फार स्टेट्स (स्टार्स) प्रोजेक्ट के तहत यह कार्य किया जाएगा। सोमवार को दिल्ली में आयोजित प्रोजेक्ट अप्रूवल बोर्ड (पीएबी) की बैठक में हिमाचल ने अपनी प्रस्तुति दी।
समग्र शिक्षा अभियान के राज्य परियोजना निदेशक वीरेंद्र शर्मा ने हिमाचल की ओर से इस बैठक में भाग लिया। बैठक में हिमाचल की ओर से वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए करीब 141 करोड़ की डीपीआर जमा की गई है। हिमाचल को इस साल 100 करोड़ का बजट मिल सकता है। मंगलवार को शिक्षा मंत्रालय के संयुक्त सचिव के साथ दोबारा बैठक होगी, जिसमें बजट पर मुहर लग सकती है। प्रोजेक्ट के तहत पांच साल में 500 करोड़ का बजट मिलना प्रस्तावित है। यह बजट प्रदर्शन के आधार पर मिलेगा। विश्व बैंक इस प्रोजेक्ट के लिए फंडिंग करेगा। हिमाचल सहित छह राज्यों का इसके लिए चयन हुआ है।
------
हिमाचल करेगा ये कार्य
हिमाचल ने केंद्र को बताया कि स्टार्स प्रोजेक्ट के तहत प्रदेश में प्री प्राइमरी को बढ़ावा दिया जाएगा। अब तक प्रदेश के करीब 3840 स्कूलों में प्री प्राइमरी को शुरू किया गया है। इसी साल एक हजार और स्कूलों में इसे शुरू करने की तैयारी है। इसके लिए शिक्षकों की भर्ती भी की जाएगी। शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम भी शुरू किया जाएगा। सरकारी स्कूलों में इससे दाखिले भी बढ़ेंगे। प्रोजेक्ट के तहत प्रदेश में प्रारंभिक स्तर पर गुणात्मक शिक्षा को बढ़ावा देने का कार्य किया जाएगा। शिक्षा में गुणवत्ता लाना, लर्निग स्टेंडर्ड को और बेहतर बनाना, परीक्षा परिणाम में सुधार लाना जैसे कार्य किए जाएंगे।