कल से शुरू होगा पहाड़ों पर साइकिलिंग का रोमांच
शिमला पहाड़ों पर साइकलिग का रोमांच 26 सितंबर से शुरू होगा। 15वीं एमटीबी हिमालय साइकल रैली के रोमांच के बारे में जानकारी देते हुए हिमालयन एडवेंचर स्पोर्ट्स के अध्यक्ष मोहित सूद ने बताया कि 470 किलोमीटर की दूरी छह दिन में पार करनी होगी।
जागरण संवाददाता, शिमला : पहाड़ों पर साइकिलिंग का रोमांच 26 सितंबर से शुरू होगा। हिमालयन एडवेंचर स्पोर्ट्स संस्था के अध्यक्ष मोहित सूद ने बताया कि शिमला से शुरू होने वाली 15वीं एमटीबी हिमालय साइकिल रैली तीन अक्टूबर को बीड़ बिलिंग में समाप्त होगी। इस दौरान 470 किलोमीटर की दूरी छह दिन में पूरी करनी होगी।
राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय रिज मैदान शिमला से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना करेंगे। प्रतिभागी शिमला, कुल्लू, मंडी व कांगड़ा जिलों से होकर बीड़ बिलिंग पहुंचेंगे। वे कई दुर्गम व पथरीले रास्तों से होकर गुजरेंगे। वे स्कूली विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देंगे। रैली का उदेश्य प्रदेश में ईको टूरिज्म को बढ़ावा देना भी है। रैली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का पुख्ता इंतजाम होगा। एक एबुलेंस भी राइडर्स के साथ चलेगी। वर्षा जल संग्रहण की देंगे जानकारी
रैली के दौरान प्रतिभागी मत्याणा, जंजहैली व बीड़ में वर्षा जल संग्रहण की जानकारी लोगों को देंगे। प्रदेश में जल संरक्षण को लेकर पहले से कई तरह की मुहिम चली हैं। इसमें खुद को शामिल करते हुए एमटीबी हिमालय ने इसे तीन स्थानों पर बढ़ाने का फैसला लिया है। इसमें मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का चुनावी हलका सराज भी शामिल है। रैली का रूट
26 सितंबर : रिज से डाक बंगला
27 सितंबर : डाक बंगला से गड़ाकुफर
28 सितंबर : गड़ाकुफर से पनेयों
29 सितंबर : पनेयों से गाड़ागुशाणी
30 सितंबर : विश्राम
01 अक्टूबर : गाड़ागुशाणी से पंडोह
02 अक्टूबर : पंडोह से बरोट
03 अक्टूबर : बरोट से बीड़ बिलिंग