टारिंग में घटिया सामग्री इस्तेमाल करने पर निगम ने ठेकेदार की पेमेंट रोकी
जागरण संवाददाता शिमला राजधानी शिमला के उपनगर संजौली में सड़क के मैटलिग काम में अनियमि
जागरण संवाददाता, शिमला : राजधानी शिमला के उपनगर संजौली में सड़क के मैटलिग काम में अनियमितताएं पाए जाने पर नगर निगम ने ठेकेदार की पेमेंट रोक दी है। ठेकेदार पर घटिया टारिग करने का आरोप काफी दिन से लोग लगा रहे थे, लेकिन अधिकारियों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। शनिवार को नगर निगम की महापौर सत्या कौंडल और निगम के संयुक्त आयुक्त अजीत भारद्वाज मौके पर पहुंचे। टारिग की गुणवत्ता को परखा तो असलियत सामने आ गई। उन्होंने ठेकेदार का भुगतान रोकने के आदेश दिए हैं। सड़क की टारिग की मॉनिटरिग के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को भी फटकार लगाई गई।
संजौली से ढींगू-बावड़ी तक जाने वाली सड़क पर ठेकेदार द्वारा मैटलिग की जा रही थी। ठेकेदार द्वारा मैटलिग का कार्य पूरा कर लिया गया था। इसके अलावा निर्माण कार्य से संबंधित कर्मचारियों और ठेकेदार पर कार्रवाई के आदेश दिए गए। मौके पर अधिकारियों और कर्मचारियों को दिए गए सुझाव की रिपोर्ट तैयार कर कनिष्ठ अभियंता निगम को सौंपेगा। संजौली वार्ड में विकास कार्यो का किया गया था निरीक्षण
महापौर सत्या कौंडल ने संजौली वार्ड में हो रहे सभी विकास कार्यो का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को काम की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्य की गुणवत्ता में समझौता नहीं किया जाएगा। दोषी पाए जाने वाले ठेकेदार और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान नगर निगम के संयुक्त आयुक्त अजीत भारद्वाज, निगम के सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता भी मौजूद रहे। अन्य वार्डो में भी होगा निरीक्षण
नगर निगम शिमला अब शहर के अन्य वार्डो में भी विकास कार्यो का निरीक्षण करेगा। शहर के सभी वार्डो में विकास कार्य चल रहे हैं। निर्धारित गुणवत्ता की निरीक्षण के दौरान जांच की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि निरीक्षण का शेड्यूल बनाएं और निरंतर निरक्षण जारी रखा जाए। संजौली में विकास कार्यो का निरीक्षण किया गया। इस दौरान संजौली से ढींगू बावड़ी तक की सड़क की टारिग का काम मौके पर सही नहीं पाया गया। ठेकेदार की पेमेंट रोकने के आदेश दिए गए हैं।
अजीत भारद्वाज, संयुक्त आयुक्त नगर निगम शिमला।