शिमला से 12 लोग भी गए थे तब्लीगी जमात में, ट्रैवल हिस्ट्री जांच कर गगरेट में आठ लोग होम क्वारंटाइन
दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित तब्लीगी जमात के मरकज यानी इस्लामिक धार्मिक आयोजन से निकले खतरे से शिमला भी अछूता नहीं है।
शिमला, जागरण संवाददाता। दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित तब्लीगी जमात के मरकज यानी इस्लामिक धार्मिक आयोजन से निकले खतरे से शिमला भी अछूता नहीं है। काेरोना पॉजिटिव 25 लोगों में भले ही हिमाचल प्रदेश से कोई व्यक्ति शामिल नहीं है। लेकिन इस साल जनवरी महीने में 12 लोग निजामुद्दीन में गए थे। ये सभी लोग शिमला जिला के नेरवा से संबंध रखते हैं। मामला सामने आने के बाद सोमवार देर शाम ही पुलिस इन लोगों की तलाश में जुट गई थी। देर रात तक सभी परिवार के सदस्यों की पहचान कर ली गई है। सुबह पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम हर परिवार के घर पर हुंची। जो लोग निजामुद्दीन गए थे उनके स्वास्थ्य की जांच की गई।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक सभी लोग स्वस्थ हैं। इनमें कोरोना का फिलहाल कोई लक्षण नहीं पाया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने इन सभी को घरों में ही रहने की सलाह दी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनमोहन शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जिला भर से सूचना जुटाना शुरू कर दी है कि कितने लोग इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए गए थे। अभी तक की सूचना के अनुसार 12 लोगों का पता चला है। लेकिन ये काफी पहले दिल्ली गए हुए थे।
निजामुदीन मामले के बाद पुलिस अलर्ट ऊना से आठ लोग किए क्वारंटाइन
गगरेट। निजामुदीन मामले के बाद हिमाचल पुलिस ने दिल्ली से ट्रेवल करने वाले लोगों की सूची खंगालनी शुरू कर दी है। जिला ऊना के सब डिवीजन अम्ब और गगरेट में 8 लोगों को क्वारंटाइन किया गया है। हालांकि पुलिस इस मामले की पुष्टि नहीं कर रही कि ये लोग निजामुदीन गए थे या नहीं। फिलहाल दिल्ली से आने वाले लोगों को उनकी ट्रेवल हिस्ट्री जानकर क्वारंटान किया गया है। डीएसपी अम्ब मनोज जम्वाल ने बताया कि एहतियात के तौर पर आठ लोगों को होम क्वारंटाइन किया गया है।