केंद्रीय मदद पर श्वेत पत्र जारी करे सरकार
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने भाजपा सरकार से मांग की है कि केंद्र से मिली आर्थिक सहायता पर श्वेत पत्र जारी किया जाए
राज्य ब्यूरो, शिमला : विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने भाजपा सरकार से मांग की है कि मोदी सरकार से प्राप्त केंद्रीय मदद पर श्वेत पत्र जारी किया जाए। सरकार दावा कर रही है कि केंद्र से पांच-छह हजार करोड़ रुपये आए हैं। सरकार को केंद्रीय मदद को लेकर विधानसभा में श्वेत पत्र रखकर स्थिति साफ करनी चाहिए। कितना पैसा सरकार के खाते में आया है, ताकि प्रदेश की जनता जान सके कि केंद्र सरकार ने कितनी मदद की।
सत्र की कार्यवाही स्थगित होने के बाद विधानसभा परिसर में मुकेश अग्निहोत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सरकार को मानसून सत्र में केंद्रीय मदद पर श्वेत पत्र जारी कर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। हमारा दायित्व है कि जनता को पेश आ रही मुश्किलों को उठाएं। नेता प्रतिपक्ष का दर्जा देने के मामले में चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा, सरकार देर आई, दुरुस्त आई। लोकतंत्र पक्ष व विपक्ष से चलता है। हमारे देश के लोकतंत्र की खासियत है कि पक्ष व विपक्ष दोनों संचालन करते है। जो काग्रेस को भूमिका मिली है, उसे हम पूरी ताकत से निभाएगे। काग्रेस एकजुट होकर सरकार की घेराबंदी करेगी। सरकार को संदेश देगी कि प्रदेश हित में काम करो। सरकार का हनीमून पीरियड खत्म हो चुका है। कानून व्यवस्था बड़ा मुद्दा
प्रदेश में कानून व्यवस्था की हालत खराब है। आए दिन हत्याएं, महिलाओं व बच्चियों से दुष्कर्म जैसे मामले सामने आ रहे हैं। प्रदेश में ड्रग माफिया सक्रिय है। सिंथेटिक ड्रग्स प्रकोप ज्यादा हो गया है। युवा वर्ग नशे की चपेट में है। हाल ही में बद्दी में कत्ल हुआ। बरसात के दौरान जो नुकसान हुआ है, उससे निपटने में सरकार पूरी तरह से नाकाम है। सड़कें अभी भी खुल नहीं पा रही हैं। हाईकोर्ट की सड़क तक बंद है। प्रदेश में बरसात में 25 लोग मारे गए है। खली के कुश्ती के खेल में भी खेल हुआ। बागवानी प्रोजेक्ट फेल हो रहा है। फॉरेस्ट्री प्रोजेक्ट हाथ से निकल रहा है।