कांग्रेस विधायकों ने केरल को दिया एक माह का वेतन
प्रदेश कांग्रेस के विधायकों ने अपना एक माह का वेतर केरल में बाढ़ पीड़ितों के लिए दिया है
राज्य ब्यूरो, शिमला : प्रदेश कांग्रेस के विधायकों ने अपना एक माह का वेतन केरल में बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए दिया है। वीरवार को हिमाचल प्रदेश काग्रेस कमेटी ने केरल मेंबाढ़ प्रभावितों की सहायता के लिए धनराशि जुटाने के लिए राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया। काग्रेस कार्यालय राजीव भवन में हिमाचल प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम की शुरुआत हिमाचल से हुई है। शीघ्र ही यह कार्यक्रम जिला व ब्लॉक स्तर पर आयोजित किया जाएगा। कांग्रेस के सभी विधायकों ने एक माह का वेतन राहत कोष में दिया है।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि केरल में बाढ़ पीड़ितों के जख्मों पर मरहम लगाने के लिए अखिल भारतीय काग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राहुल गांधी के निर्देश अनुसार प्रदेश के हर जिले व ब्लॉक स्तर पर राशि एकत्रित की जाएगी। कार्यक्रम में धनराशि जुटाकर अखिल भारतीय काग्रेस कमेटी को भेजी जाएगी। कार्यक्रम में विधायक रामलाल ठाकुर, नंद लाल, इंद्रदत्त लखनपाल, सतपाल रायजादा, हर्षवर्धन चौहान, धनीराम शाडिल, पूर्व विधायक हरभजन सिंह भज्जी, सोहन लाल सहित आदर्श सूद, पूर्व संसदीय सचिव रोहित, महासचिव नरेश चौहान रजनीश किमटा, प्रवक्ता संजय सिंह चौहान, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र चौहान, महेंद्र चौहान, अमित नंदा, जिलाध्यक्ष शिमला ग्रामीण यशवंत छाजटा, सचिव रीतेश कपरेट, आशा कंवर, बलदेव ठाकुर, राजकुमारी सोनी, अनीता वर्मा, युवा काग्रेस, सेवादल के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।