हिमाचल से पार्टी में मेजर सर्जरी शुरू करेगी कांग्रेस
लोकसभा चुनाव में देशभर में कांग्रेस को मिली करारी शिकस्त और हिमाचल में शर्मनाक हार के लिए हिमाचल से मेजर सर्जरी शुरु होगी। हिमाचल कांग्रेस कमेटी में बड़ा बदलाव होने के साथ बड़े नेताओं पर भी कार्रवाई होगी।
राज्य ब्यूरो, शिमला : लोकसभा चुनाव में देशभर में कांग्रेस को मिली करारी शिकस्त और हिमाचल में शर्मनाक हार के लिए हिमाचल से मेजर सर्जरी शुरू होगी। हिमाचल कांग्रेस कमेटी में बड़ा बदलाव होने के साथ बड़े नेताओं पर भी कार्रवाई होगी। हिमाचल में मेजर सर्जरी होने के बाद देश के अन्य राज्यों की कांग्रेस कमेटियों में बड़ा बदलाव होगा। यह बात हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने मंगलवार को कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि हार के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने जिम्मेदारी लेते हुए त्यागपत्र दिया। हिमाचल में हार के लिए जिम्मेदारी लेते हुए त्यागपत्र दिए गए, लेकिन हाईकमान ने इन्कार कर दिया। पार्टी की हार के लिए सभी नेता जिम्मेदार हैं। लोकसभा चुनाव में पार्टी की अपेक्षाओं के अनुरूप नतीजे नहीं आए। कांग्रेस विचारधारा की लड़ाई लड़ती रहेगी और बूथ स्तर तक मजबूत होकर सत्ता में वापसी करेगी। कांग्रेस कमेटी में बड़े पदों पर बैठे काम न करने वालों को अब नहीं ढोया जाएगा। ऐसे पदाधिकारियों की पदों से छुट्टी होगी।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस बूथ लेवल पर काम नहीं कर पाई, इसलिए पार्टी चुनाव हारी है। ऐसे में अब हिमाचल कांग्रेस में बड़ा जल्द ही बड़ा फेरबदल किया जाएगा। गलत बयानबाजी कर कांग्रेस को हार की तरफ ले जाने वाले बड़े नेताओं पर भी कार्रवाई हो सकती है।
रजनी पाटिल हिमाचल में कांग्रेस की हार के मंथन करने शिमला आई हैं। उन्होंने कहा कि चारों संसदीय क्षेत्रों से पार्टी प्रत्याशियों ने हार के कारणों की लिखित रिपोर्ट दे दी है। इसे हाईकमान के समक्ष रखा जाएगा और उसी आधार पर कार्रवाई होगी। कांग्रेस के सभी विभागों के पदाधिकारियों के साथ बैठकें कर उनसे हार के कारणों पर विचार लिए हैं। इससे पहले इंदिरा गांधी और सोनिया गांधी के समय भी कांग्रेस इस तरह के हालातों का सामना कर चुकी है। कांग्रेस इससे उबरकर बाहर आई और सत्ता अपने हाथ में ली। वीरभद्र, अन्य नेताओं की बयानबाजी की रिपोर्ट भेजी
कांग्रेस की हार के मुख्य कारणों में गुटबाजी और वीरभद्र सहित बड़े नेताओं की बयानबाजी रही है। इस संबंध में रिपोर्ट हाईकमान को भेज दी है। हालांकि पाटिल ने वीरभद्र का बचाव करते हुए कहा कि जब उन्हें इस तरह की बयानबाजी करने से रोका गया तो उन्होंने दोबारा ऐसा नहीं किया।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप