जस्टिस लोया मामले में खुली कांग्रेस की पोल: जयराम
कांग्रेस एक के बाद एक राज्यों में चुनाव हार रही है और अधिकांश से उसका सफाया हो चुका है।
शिमला, राज्य ब्यूरो। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जस्टिस लोया मामले में सर्वोच्च न्यायालय के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि न्यायमूर्ति लोया की मृत्यु पर सर्वोच्च न्यायालय के फैसले ने कांग्रेस और उसके सहयोगियों दलों की पोल खोल दी है।
कांग्रेस एक के बाद एक राज्यों में चुनाव हार रही है और अधिकांश से उसका सफाया हो चुका है। इससे निराश होकर कांग्रेस कई प्रकार की साजिशें रच रही है, जिनसे पर्दा उठता जा रहा है। सर्वोच्च न्यायालय ने न्यायमूर्ति लोया की मौत को प्राकृतिक मौत बताया है। इस संदर्भ में दाखिल की याचिका को खारिज करते हुए कहा है कियह राजनीतिक कारणों से प्रेरित थी।
जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने बार-बार भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के खिलाफ षड्यंत्र रचकर उन्हें अपमानित करने और राजनीतिक रूप से समाप्त करने का प्रयास किया। लेकिन भारत की न्याय व्यवस्था ने सच को सामने रखा है और आखिरकार सत्य की जीत हुई है। उन्होंने याद दिलाया कि राहुल गांधी ने इस मामले को लेकर प्रेस वार्ता की थी और 150 सांसदों के साथ राष्ट्रपति से भी भेंट की थी। राहुल को अपने षड्यंत्रकारी प्रयासों, देश का माहौल बिगाडऩे, अमित शाह को बदनाम करने की साजिश रचने और भारत की न्याय प्रणाली की विश्वसनीयता को धूमिल करने की साजिश के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए।