राम लाल ठाकुर की अध्यक्षता में बनी कांग्रेस चार्जशीट कमेटी
Congress Chargesheet Committee. विधायक रामलाल ठाकुर की अध्यक्षता में छह सदस्यीय चार्जशीट कमेटी का गठन किया गया है।
शिमला, जेएनएन। कांग्रेस ने पूर्व मंत्री व विधायक रामलाल ठाकुर की अध्यक्षता में छह सदस्यीय चार्जशीट कमेटी का गठन कर दिया है। विधायक हर्षवर्धन चौहान समिति के उपाध्यक्ष होंगे। पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष व विधायक जगत सिंह नेगी को कमेटी का संयोजक बनाया गया है। अन्य सदस्यों में विधायक नंद लाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगू राम मुसाफिर व विचार विभाग के समन्वयक विजय कुमार शामिल हैं। हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने कमेटी के गठन को मंजूरी दे दी है।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू और विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री को भी लिखित में सूचित किया गया है। भेजी गई है। रजनी पाटिल ने कहा है कि प्रदेश की जयराम सरकार को बने एक वर्ष भी पूरा नहीं हुआ और जनता जयराम सरकार के कुशासन से परेशान है। लचर कानून-व्यवस्था के कारण आम जनमानस खासकर महिलाओं का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। हर विभाग में एक साल के भीतर अनियमितताएं और घोटाले हुए हैं। इनमें बीजेपी सरकार के मंत्री, नेता व अधिकारी शामिल हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि छह सदस्यीय कमेटी जल्दी चार्जशीट तैयार करेगी। चार्जशीट में बीजेपी के बड़े चेहरे बेनकाब होंगे। भाजपा सरकार का एक साल पूरा होने पर चार्जशीट राज्यपाल को सौंपी जाएगी।