कांग्रेस पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट पर करेगी टिकट आवंटन, घोषणा 21 को
कांग्रेस नगर निगम चुनाव के लिए प्रत्याशियों की सूची 21 मार्च को जारी
जागरण संवाददाता, शिमला : कांग्रेस नगर निगम चुनाव के लिए प्रत्याशियों की सूची 21 मार्च को जारी करेगी। पार्टी की ओर से लगाए गए पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट के आधार पर ही टिकट का आवंटन होगा। कांग्रेस ने सभी पर्यवेक्षकों से 19 मार्च तक संभावित प्रत्याशियों की सूची बनाकरभेजने के निर्देश दिए हैं। 20 को नामों की सूची तैयार की जाएगी, जबकि 21 को कांग्रेस चुनाव कमेटी की बैठक होगी। इसमें संभावित नामों पर चर्चा कर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने शिमला में पत्रकारों को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पार्टी पूरी पारदर्शिता के साथ जीतने वाले उम्मीदवारों को चुनाव में उतारेगी। पार्टी नेताओं के साथ इस बारे व्यापक विचार-विमर्श भी किया है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस चारों नगर निगम में जीत हासिल करेगी। कांग्रेस एक विजन डॉक्यूमेंट भी जारी करेगी। राठौर ने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाया कि वह पूर्व की भांति इन चुनाव को भी प्रभावित करने की पूरी कोशिश कर रही है। बड़े पैमाने पर फर्जी वोटर बनाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री पर आरोप लगाया कि उन्होंने अपने तीन साल के कार्यकाल में नए बनाए नगर निगम क्षेत्रों की कोई सुध नहीं ली, अब चुनाव के दृष्टिगत बड़ी बड़ी घोषणाएं की जा रही हैं। विकास के नाम पर भाजपा लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। राठौर ने कहा कि प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी जैसे कई मुद्दे हैं। डिपुओं से मिलने वाले सस्ता राशन भी महंगा हो गया है।
--------
लोगों की आस्था से खिलवाड़ न करे भाजपा
राठौर ने कहा कि भाजपा इन दिनों फिर से लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ करने लगी है। कभी राम के नाम पर, कभी शिव के नाम पर और अब भगवान कृष्ण के नाम पर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंक रही है।