केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार के निधन पर जताया शोक
राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री अनंत कुमार के निधान पर शोक जताया है।
राज्य ब्यूरो, शिमला : राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री अनंत कुमार के निधन पर शोक प्रकट किया है। राज्यपाल ने कहा कि अनंत कुमार योग्य शासक होने के साथ अच्छे इंसान थे। उनकी मृत्यु से देश को अपूर्णीय क्षति हुई है।
राज्यपाल ने शोकाकुल परिवार से संवेदनाएं प्रकट कर दिवंगत आत्मा की शाति के लिए प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि समाज की सेवा करने के लिए अनंत कुमार लगातार प्रयासरत रहे। राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य मंत्री महेंद्र सिंह, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री किशन कपूर, शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज, ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा, शहरी विकास मंत्री सरवीण चौधरी, कृषि मंत्री डॉ. रामलाल मार्कंडेय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री विपिन सिंह परमार, ग्रामीण विकास मंत्री वीरेंद्र कंवर, उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह, वन मंत्री गोविंद सिंह तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने भी केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार के निधन पर शोक व्यक्त किया है।