हिमाचल में धर्मातरण, लव जिहाद पर विहिप सख्त
राज्य में हो रहे धर्मांतरण को लेकर विश्व हिन्दू परिषद ने गंभीर मामला बताया है।
राज्य ब्यूरो, शिमला : हिमाचल में हो रहे धर्मातरण को विश्व हिंदू परिषद ने गंभीर मामला बताया है। परिषद ने कहा है कि राज्य के सभी जिलों में धर्मातरण के कारण ईसाइयों की संख्या में वृद्धि हुई है। इसी तरह से मुस्लिम आबादी भी तेजी से बढ़ रही है। भोली-भाली हिंदू लड़कियों को लव जिहाद का शिकार बनाया जा रहा है। कई थानों में लव जिहाद के मामले दर्ज हुए हैं, जो चिताजनक है। विहिप का मत है कि इससे हिमाचल की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है।
रविवार को ओकओवर में विहिप हिमाचल प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने प्रांत अध्यक्ष लेखराज राणा के नेतृत्व में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से प्रदेश में बढ़ रहे धर्मातरण, लव जिहाद और दूसरे राज्यों से मजदूरी की आड़ में आने वाले लोगों के पंजीकरण के संदर्भ में ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि धर्मातरण की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके साथ प्रदेश सरकार धर्मातरण के खिलाफ कठोर कानून बनाए। लेखराज राणा मुख्यमंत्री से राज्य में बेसहारा भटकने वाले गोवंश के संरक्षण का मामला भी उठाया। उनका कहना है कि प्रदेश में खंड स्तर तक गोशालाएं खोली जाएं।
जयराम ने विहिप प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों को आश्वस्त किया कि इस विषय में गंभीरता से जांच की जाएगी। इस मौके पर परिषद प्रांत मंत्री देव कुमार नेगी, प्रांत संगठन मंत्री नीरज दौनेरिया, प्रांत सह मंत्री सुनील जस्वाल, प्रांत विशेष संपर्क प्रमुख गोविंद ठाकुर, प्रांत समन्वय प्रमुख शमशेर ठाकुर और प्रांत संयोजक बजरंग दल अधिवक्ता तुषार डोगरा उपस्थित रहे।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप