कुफरी में हिमपात, शिमला में पारा शून्य से नीचे
उत्तर की बर्फीली हवाओं के चलने से प्रदेश में इन दिनों हाड कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। ठंड का प्रकोप कम होता नहीं बन रहा है। शुक्रवार को कुफरी सहित प्रदेश की ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी हुई है।
राज्य ब्यूरो, शिमला : हिमाचल में शुक्रवार को ऊपरी क्षेत्रों में बर्फीली हवाएं चलने से ठंड और बढ़ गई है। शिमला के पर्यटन स्थल कुफरी सहित अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई। हालांकि निचले हिमाचल में दिन धूप खिली रही, जिससे लोगों को कुछ राहत मिली।
मौसम विभाग के अनुसार रात को आसमान के साफ रहने से ठंड और बढ़ेगी। ऐसे में आने वाले दिनों में लोगों को कोई राहत मिलने वाली नहीं है। शुक्रवार को पश्चिमी हवाओं के सक्रिय रहने से ऊपरी हिमाचल के अधिकतर हिस्सों में बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चली। इस बीच कुफरी में एक सेंटीमीटर तक हिमपात दर्ज किया गया। हवाओं के साथ शिमला शहर में भी कुछ देर के लिए बर्फ के फाहे गिरे। इस वजह से शिमला में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने 13 फरवरी को पश्चिमी हवाओं के सक्रिय होने से ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश होने की संभावना जताई है। शनिवार को प्रदेश में बादल छाए रह सकते हैं। उसके बाद 12 फरवरी तक मौसम साफ रहेगा। शुक्रवार को प्रदेश के न्यनूतम के साथ अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। केलंग, कल्पा, मनाली, कुफरी, शिमला और डलहौजी में तापमान जमाव बिंदु से नीचे चल रहा है। बाक्स
प्रदेश में तापमान
स्थान,न्यूनतम,अधिकतम
केलंग,-11.1,-1.9
कल्पा,-7.4,2.3
मनाली,-1.8,10.4
कुफरी,-4.5,-0.1
डलहौजी,-1.2,4.3
शिमला,-1.4,10.1
सोलन,1.0,15.5
ऊना,5.2,20.7 ------
उत्तर से बर्फीली हवाएं चलने से ठंड ज्यादा बढ़ गई है। रात को आसमान के साफ रहने पर सुबह-शाम का तापमान उतना कम होगा। ऐसे में प्रदेश के लोगों को अभी ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
मनमोहन, निदेशक, मौसम विभाग।