हिमाचल में कड़ाके की ठंड, डल झील जमी
हिमाचल में दो दिन हुई बारिश व बर्फबारी के कारण लोगों को कड़ी ठंड झेलनी पड़ रही है।
जागरण संवाददाता, शिमला : हिमाचल में दो दिन हुई बारिश व बर्फबारी के कारण लोगों को कड़ाके की ठंड से जूझना पड़ रहा है। प्रदेश के छह स्थानों में तापमान माइनस में है। रविवार को हुई बर्फबारी से कांगड़ा जिला में धर्मशाला के निकट डल झील जम गई। नड्डी व डल झील में बर्फ का आनंद उठाए लोगों को जाम से परेशान होना पड़ा।
प्रदेश के मैदानी व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सोमवार को मौसम साफ रहा लेकिन दिक्कतें कम नहीं हुई। प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से सात से आठ डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक से दो डिग्री सेल्सियस कम रहा। राजधानी शिमला की सड़कों पर पानी जमने से लोगों को दिक्कत हुई। मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा कि सड़क पर फिसलन से बचने के लिए गाड़ी धीरे चलाएं। पैदल मार्ग पर भी लोग सावधानी बरतें। 10 से 13 तक बारिश-बर्फबारी
आठ जनवरी को प्रदेश के ऊंचाई वाले कुछ क्षेत्रों में बारिश व बर्फबारी और नौ जनवरी को मौसम शुष्क रह सकता है। प्रदेश के अधिक ऊंचाई वाले स्थानों में 10 से 13 जनवरी तक बर्फबारी और मध्यम व निचले मैदानी इलाकों में बारिश की संभावना है। ऊंचाई वाले इलाकों में 11 व 12 जनवरी को भारी बर्फबारी की चेतावनी दी गई है। कहां कितना रहा तापमान
स्थान,न्यूनतम,अधिकतम
केलंग,-12.0,-2.0
कल्पा,-8.6,0.0
कुफरी,-4.5,0.0
मनाली,-3.6,1.8
डलहौजी,-1.9,0.0
शिमला,-0.7,3.7
सोलन,0.0,8.0
मंडी,0.2,12.3
धर्मशाला,1.8,7.8
ऊना,2.0,15.7
सुंदरनगर,2.2,9.5
भुंतर,4.5,8.2
नाहन,4.6,13.8
(तापमान डिग्री सेल्सियस में)