CM सुक्खू शिमला के दुर्गम गांव काशापाट में जानेंगे लोगों की समस्याएं, ग्रामीण के घर ठहरेंगे; पारंपरिक भोजन करेंगे
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 2 अक्टूबर को शिमला के दुर्गम काशापाट गांव का दौरा करेंगे, जहां वे एक ग्रामीण के ...और पढ़ें

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू। जागरण आर्काइव
HighLights
मुख्यमंत्री सुक्खू 2 अक्टूबर को काशापाट गांव पहुंचेंगे।
वे ग्रामीण के घर रात्रि विश्राम कर पारंपरिक भोजन करेंगे।
ग्रामीणों से मिलकर उनकी समस्याओं को समझेंगे मुख्यमंत्री।
संवाद सहयोगी, रामपुर बुशहर (शिमला)। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के दो अक्टूबर को काशापाट के दौरे पर रहेंगे। वहीं काशा और पाट गांव के लोगों में भी खासा उत्साह है। ग्रामीण पारंपरिक रीति रिवाजों और स्थानीय व्यंजनों के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत करने की तैयारियां कर रहे हैं। मुख्यमंत्री काशा गांव में लंच और डिनर करेंगे। इसके बाद पाट गांव में सुपन दास के घर रात्रि विश्राम करेंगे।
मुख्यमंत्री के लिए अगले दिन तीन अक्टूबर को नाश्ते में पारंपरिक और स्थानीय अनाज से तैयार विभिन्न व्यंजन परोसे जाएंगे। नाश्ते में शामिल सभी व्यंजन स्थानीय स्तर पर उपलब्ध अनाज और पारंपरिक खाद्य सामग्री से तैयार किए जाएंगे।
7 महिला मंडल गुच्छी सहित पारंपरिक व्यंजन परोसेंगे
नाश्ते में ओगले और फाफड़े का चिल्टू, कोदा व तुलसी की रोटी, गेहूं व झालरे की मोड़ी, स्थानीय मक्खन और लस्सी के साथ भिथू और गुच्छी की सब्जी सहित अन्य पारंपरिक व्यंजन परोसे जाने की तैयारी है। इन व्यंजनों को तैयार करने की जिम्मेदारी क्षेत्र के सात महिला मंडलों को दी गई है। महिला मंडलों की सदस्य पारंपरिक विधि से व्यंजन तैयार करेंगी।
ग्रामीण बोले- यह खास अवसर
ग्रामीणों का कहना है कि मुख्यमंत्री का दुर्गम काशापाट क्षेत्र में रात्रि प्रवास उनके लिए विशेष अवसर है और इसे यादगार बनाने के लिए ग्रामीण स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। ग्रामीण सीएम को अपनी समस्याएं व मांगें भी बताएंगे। मुख्यमंत्री ग्रामीणों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझेंगे।
प्रशासन तैयारियों में जुटा
मुख्यमंत्री के काशापाट दौरे को लेकर एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने सभी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की और तैयारियों की समीक्षा की। एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के दौरे से संबंधित सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं।
आयोजन स्थल पर किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो और आम लोगों को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े। एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम से पहले सभी व्यवस्थाओं का दोबारा निरीक्षण कर कमियों को समय रहते दूर किया जाए।
आज से तीन तक विभिन्न क्षेत्रों का दौरा करेंगे सीएम
मुख्यमंत्री पहली से तीन अक्टूबर तक रोहड़ू, चिड़गांव, रामपुर और आसपास के क्षेत्रों के दौरे पर रहेंगे। पहली अक्टूबर को मुख्यमंत्री पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों से संवाद करेंगे और एंटी चिट्टा रैली को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके बाद चिड़गांव में विकास कार्यों का उद्घाटन-शिलान्यास और जनसभा होगी।
सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में करेंगे संवाद
शाम को दियुड़ी मायला पंचायत के भटवारी में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम में लोगों, महिला व युवक मंडलों से संवाद करेंगे। दो अक्टूबर को भटवारी में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि देने के बाद रामपुर के शिंगला पहुंचेंगे।
यहां विकास कार्यों का उद्घाटन-शिलान्यास और नोग घाटी के लोगों से संवाद होगा। इसके बाद तकलेच व काशा का दौरा करेंगे। तीन अक्टूबर को नोगली में जनसभा के बाद पदम उत्कृष्ट राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों से संवाद और एंटी चिट्टा रैली में भाग लेंगे। इसके बाद शिंगला से हेलीकाप्टर से शिमला लौटेंगे।
