विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'जो कांग्रेस छोड़कर जाना चाहता है जाए', CM सुक्खू हुए तलख; वीरभद्र के प्रतिमा अनावरण में न जाने पर भी रखा पक्ष

By Parkash Bhardwaj Edited By: Rajesh Sharma
Published: Wed, 21 Oct 2026 04:51 PM (IST)

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा में गए नेताओं की वापसी की संभावनाओं को सिरे से खारिज कर ...और पढ़ें

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू शिमला में मीडिया से बात करते हुए। जागरण

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू शिमला में मीडिया से बात करते हुए। जागरण

HighLights

  1. कांग्रेस छोड़ भाजपा में गए नेताओं की वापसी का कोई इरादा नहीं।

  2. मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा, जो पार्टी छोड़ना चाहे, जा सकता है।

  3. वीरभद्र सिंह प्रतिमा अनावरण में अनुपस्थिति का कारण दिल्ली व्यस्तता बताई।

राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में गए नेताओं की वापसी की संभावनाओं को सिरे से खारिज करते हुए कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि कांग्रेस ऐसे नेताओं को वापस पार्टी में लेने का कोई इरादा नहीं रखती। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अभी भी जिन्हें पार्टी छोड़कर जाना है, वह जा सकता है। 

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने संजौली हेलीपोर्ट पर पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि यदि कोई कांग्रेस छोड़कर जाना चाहता है तो जाए, पार्टी उन्हें रोकेगी नहीं।

खींचतान से जोड़कर देखना पूरी तरह अनुचित

पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में शामिल न होने को लेकर उठ रहे सवालों पर मुख्यमंत्री ने विराम लगाया। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह हिमाचल के सर्वमान्य और कद्दावर नेता रहे हैं तथा उनकी प्रतिमा का अनावरण उनके प्रति पूरे प्रदेश के सम्मान और श्रद्धा का प्रतीक है। इस गरिमामय कार्यक्रम में पार्टी की शीर्ष नेता सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि दिल्ली में पूर्व निर्धारित व्यस्तताओं के चलते वे शिमला के कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके। उन्होंने कहा कि इस तरह के श्रद्धा-समारोह को पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी या खींचतान से जोड़कर देखना पूरी तरह अनुचित है।

हर्ष महाजन पर निशाना

राज्यसभा सदस्य हर्ष महाजन के बयानों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि वह उनके बाद सक्रिय राजनीति में आए थे। सुक्खू ने याद दिलाया कि वे हर्ष महाजन से पहले ही एनएसयूआई और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल चुके थे।

अंदरूनी कलह का आरोप

मुख्यमंत्री ने भाजपा पर अंदरूनी कलह का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा इस समय पांच अलग-अलग गुटों में बंटी हुई है। उन्होंने कहा कि हर्ष महाजन अलग-अलग मंचों पर जाकर कभी किसी नेता को मुख्यमंत्री पद का दावेदार बताते हैं, तो कभी किसी अन्य नेता का नाम आगे कर देते हैं, जो उनकी पार्टी की अंदरूनी खींचतान को उजागर करता है।

यह भी पढ़ें: हिमाचल कैबिनेट बैठक में तय होगा विधानसभा के शीतकालीन सत्र का शेड्यूल, CM सुक्खू बोले- 27 अक्टूबर को लगेगी मुहर