चिंतपूर्णी में 'प्रसाद परियोजना' के लिए मांगी मंजूरी
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केन्द्रीय संस्कृति और पर्यटन राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार प्रहलाद सिंह पटेल से मुलाकात की।
राज्य ब्यूरो, शिमला : मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रह्लाद सिंह पटेल से केंद्र की 'प्रसाद परियोजना' के तहत चिंतपूर्णी मंदिर के लिए 45 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट को जल्द स्वीकृति देने का आग्रह किया है। उन्होंने ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय राज्यमंत्री से मुलाकात की। उनसे सैलानियों को आकर्षित करने को पर्यटन स्थल प्रदर्शित करने वाली डिजिटल वॉल स्थापित करने के लिए वर्चुअल रियलिटी परियोजना के लिए धन मांगा। राज्यमंत्री ने इस संबंध में जयराम से शीघ्र प्रस्ताव भेजने के लिए कहा। 'प्रसाद परियोजना' के तहत चिंतपूर्णी मंदिर का विस्तार किया जाएगा। यहां वैष्णो माता सहित देश में मशहूर मंदिरों की तर्ज पर श्रद्धालुओं को सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने 'प्रसाद परियोजना' में धार्मिक पर्यटन सर्किट के अंतर्गत रिवालसर में आधारभूत ढांचा मजबूत करने के लिए धनराशि उपलब्ध करवाने का आग्रह किया। उन्होंने राज्य में आकर्षक प्रवेशद्वार बनाने के लिए भी पैसे देने की अपील की। उन्होंने राज्यमंत्री को आश्वासन दिया कि प्रदेश प्रसाद यानी तीर्थयात्रा कायाकल्प और आध्यात्मिक संवर्द्धन ड्राइव के तहत प्रवेशद्वारों पर भव्य मंदिर व धार्मिक स्थल बनाने के लिए अलग परियोजना का प्रस्ताव बनाकर मंत्रालय को भेजा जाएगा। राज्य में पर्यटन अधोसंरचना के विकास के लिए भी वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाने का आग्रह किया। इस मौके पर सांसद रामस्वरूप शर्मा, उप आवासीय आयुक्त विवेक महाजन और पर्यटन मंत्रालय के अधिकारी भी उपस्थित थे।