रोहड़ू के दूरदराज क्षेत्रों में नहीं पहुंचा विकास : जयराम
विधानसभा क्षेत्र रोहडू के मनोरम चाशल क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा
संवाद सूत्र, रोहडू : विधानसभा क्षेत्र रोहडू के मनोरम चाशल क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रविवार को रोहड़ू स्थित रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि सरकार इसके लिए पर्याप्त अधोसंरचना उपलब्ध करवाएगी, ताकि अधिक संख्या में साहसिक एवं बर्फ खेल प्रेमियों को यहा आकर्षित किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हालाकि रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र राज्य की राजनीति का मुख्य केंद्र रहा है लेकिन यहां के अधिकतर दूरदराज क्षेत्र आज भी विकास की दृष्टि से पिछड़े हैं। भाजपा सरकार प्रदेश में 11 माह का कार्यकाल पूरा करने जा रही है और यह अवधि आम लोगों के कल्याण के लिए समर्पित रही है। सरकार की नीतियों व कार्यक्रमों में आम लोगों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। लोग वर्तमान सरकार तथा पूर्व सरकार के कार्य के बीच अंतर को महसूस कर रहे हैं। प्रदेश में बिना किसी राजनीतिक भेदभाव से कार्य हो रहे हैं। सरकार ने समाज के हर वर्ग के विकास के लिए अपने पहले बजट में 30 नई योजनाएं शुरू करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने खड़ापत्थर, शीलघाट, शरोंथा, टिक्कर, सरी व झड़ग सड़कों को मुख्य जिला सड़कें बनाने की घोषणा की। उन्होंने सीमा कॉलेज में बहुद्देश्यीय सभागार, कैंटीन तथा आधुनिक छात्रा छात्रावास, रोहड़ू में पार्किंग परिसर, सीमा-रतनाड़ी सड़क के स्तरोन्यन के लिए 20 लाख और क्षेत्र के विभिन्न संपर्क मार्गो के लिए 80 लाख रुपये की घोषणा की। उन्होंने काडा में पशु औषधालय खोलने की भी घोषणा की। रतनाड़ी में सामुदायिक भवन के लिए 10 लाख की घोषणा और निर्माणाधीन सब्जी मंडी रोहड़ू के कार्य में तेजी लाने का भी आश्वासन दिया।
जयराम ने इससे पूर्व 10.30 करोड़ रुपये की लागत से समोली में 70 मीटर लंबे पुल और 7.24 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सीमा के प्रशासनिक खंड का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने धमांदर, च्वाड़ी. मस्तोट, बाशला, अंतापु, सरीधार तथा कोफटू, कोराला, पैखाधार, बजशाल के लिए बनने वाली सड़कों का भूमि पूजन किया। इससे पहले सुबह रोहड़ू पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने जनसमूह के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 'मन की बात' कार्यक्रम भी सुना।
वहीं शिक्षा एवं संसदीय मामले मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि प्रदेश सरकार का अब तक का कार्यकाल उपलब्धियों भरा रहा है। समाज के सभी वर्गो के कल्याण को सुनिश्चित बनाने के लिए सरकार ने अनेक योजनाएं आरंभ की हैं।