यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 14, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सीटू ने रामपुर में केंद्र सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन
रामपुर में मंगलवार को सीटू कार्यकर्ताओं, मजदूरों और किसान

संवाद सहयोगी, रामपुर बुशहर : रामपुर में मंगलवार को सीटू कार्यकर्ताओं, मजदूरों और किसान सभा ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की और एसडीएम कार्यालय के बाहर दो घंटे तक प्रदर्शन किया। इससे पहले सीटू ने रैली को पुराने बस स्टैंड से लेकर मुख्य बाजार से होते हुए एसडीएम कार्यालय तक निकाला।
सीटू ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार देश की जनता को धोखा दे रही है और मजदूरों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और लोगों को कई जगह राहत प्रदान नहीं की जा रही है। सीटू के जिला अध्यक्ष बिहारी सेवगी ने कहा कि भाजपा केवल अवसरवादी सरकार है और देश की जनता को केंद्र और प्रदेश सरकार ने धोखा देने का काम किया है। देश के भीतर मजदूरों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और अन्य लोगों का शोषण किया जा रहा है, जिसे सीटू बर्दाश्त नहीं करेगी। देश में मजदूरों के न्यूनतम वेतन अठारह हजार को लागू नहीं किया जा रहा है, जबकि महंगाई के इस दौर में यह मजदूरों का जायज हक है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मीड-डे मील वर्करों और आशा वर्करों को पक्का नहीं किया जा रहा है, इसके अलावा कांट्रेक्ट नीति को बंद करना, आउटसोर्स भर्ती को बंद करना, स्थायी नौकरियां देना, पंजीकरण प्रक्रिया को आसान करना और मनरेगा को बहाल करना प्रमुख मांगें हैं। धरने-प्रदर्शन के दौरान किसान सभा के देवकी नंद और कुलदीप ने भी संबोधित किया।
