चीन ने हिमाचल की जमीन पर नहीं किया कब्जा
राज्य ब्यूरो शिमला चीन ने अपनी सीमा पर बफर जोन तक सड़क बनाई है लेकिन हिमाचल की जमीन प
राज्य ब्यूरो, शिमला : चीन ने अपनी सीमा पर बफर जोन तक सड़क बनाई है लेकिन हिमाचल की जमीन पर कोई कब्जा नहीं किया है। चीन के हिमाचल के बीस किलोमीटर अंदर तक आने की बात पूरी तरह से गलत है। यह जानकारी तकनीकी शिक्षा एवं जनजातीय विकास मंत्री रामलाल मार्कंडेय ने कांग्रेस विधायक जगत सिंह नेगी के पाइंट ऑफ आर्डर के तहत उठाए मामले के जवाब में दी। मंत्री ने कहा कि इस तरह की कोई जानकारी उन्होंने पूर्व में भी नहीं दी है कि चीन हिमाचल में बीस किलोमीटर अंदर तक आ गया है। इससे पहले नेगी ने कहा कि जनजातीय विकास मंत्री ने मीडिया में खुद यह बात कही थी।
17 वन रक्षकों को तबदील करने वाले डीएफओ बदले
जगत सिंह नेगी के पाइंट ऑफ आर्डर के तहत डीएफओ द्वारा 17 वन रक्षकों को बदलने के मामले को उठाने पर वन मंत्री राकेश पठानिया ने बताया कि मामला ध्यान में आने के तुरंत बाद कार्रवाई की गई है। उक्त सभी तबादले रद कर डीएफओ को बदल दिया गया है। इस मामले में पूरी जानकारी दे दी है, इसके बावजूद इसे राजनीतिक फायदे के लिए उठाना ठीक नहीं है।
पुलिस कर्मियों को वित्तीय लाभ पर विचार होगा
प्रदेश में नियुक्त होने वाले पुलिस कर्मचारियों को आठ वर्ष बाद वित्तीय लाभ दिए जा रहे हैं। अन्य विभागों के कर्मचारियों की नियुक्ति अनुबंध पर होने के तीन साल बाद नियमित होने पर यह लाभ मिल रहे हैं। पाइंट ऑफ आर्डर के तहत कांग्रेस विधायक राजेंद्र राणा ने यह मामला उठाया और तीन वर्ष में वित्तीय लाभ प्रदान करने की मांग उठाई। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि इस संबंध में विचार किया जाएगा और देखा जाएगा कि क्या उचित हो सकता है।
धर्मशाला व देहरा में सीयू भवन निर्माण कार्य जल्द
धर्मशाला और देहरा में केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयू) के भवन का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। यह जानकारी मुख्यमंत्री ने धर्मशाला के विधायक विशाल नैहरिया के पाइंट ऑफ आर्डर के तहत उठाए मामले में दी। उन्होंने कहा कि इसके लिए सरकार गंभीर है। नैहरिया ने कहा कि सीयू दस वर्ष से किराये के भवन में चल रही है। इसके लिए अपना भवन बनाया जाए।