चंबा के भोट जौ, भरमौर के शहद और किन्नौरी सेब को मिलेगा GI टैग; पारंपरिक उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने की कवायद
हिमाचल प्रदेश के चार और पारंपरिक उत्पादों- चंबा के भोट जौ, चंबा चुख, भरमौर के एलेक्ट्रोस शहद और सिरमौर के अदरक को जीआई टैग दिलाने की प्रक्रिया तेज हो गई है।
-1782968932787_m.webp)
हिमाचल के कई उत्पादों को मिलेगा GI टैग (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
चंबा के भोट जौ, चंबा चुख को मिलेगा जीआई टैग।
भरमौर एलेक्ट्रोस शहद और सिरमौर अदरक भी शामिल।
जीआई टैग से बढ़ेगी पहचान, रोजगार, ग्रामीण अर्थव्यवस्था।
जागरण संवाद केंद्र, शिमला। हिमाचल प्रदेश के चार और पारंपरिक उत्पादों को भौगोलिक संकेतक (जीआई) टैग दिलाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इनमें चंबा के पांगी क्षेत्र का भोट जौ, चंबा चुख, भरमौर का एलेक्ट्रोस शहद और सिरमौर का अदरक शामिल हैं। हाल ही में प्रदेश के आठ अन्य पारंपरिक उत्पादों को जीआई पंजीकरण मिल गया है, जिससे हिमाचल के जीआई टैग प्राप्त उत्पादों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है।
नवीनतम जीआई टैग पाने वाले उत्पादों में स्पीति का सी-बकथॉर्न (छरमा), सलूणी सफेद मक्का, चंबा मेटल आर्ट, सिरमौरी लोइया, किन्नौरी टोपी, मंडी की सेपुबड़ी, किन्नौरी सेब और किन्नौरी आभूषण शामिल हैं। हिमाचल प्रदेश विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण परिषद (हिमकॉस्ट) के माध्यम से इन उत्पादों को यह मान्यता मिली है।
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि जीआई टैग मिलने से इन उत्पादों की मौलिकता और पहचान सुरक्षित रहेगी, बाजार में इनकी मांग और मूल्य बढ़ेगा, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों बधाई दी और चारों प्रस्तावित उत्पादों का जीआई पंजीकरण शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जलवायु परिवर्तन विभाग के सचिव सुशील कुमार सिंगला ने कहा कि पंजीकरण से उत्पादों को नकली और अनाधिकृत उपयोग से संरक्षण मिलेगा।
इससे पहले कुल्लू शाल, कांगड़ा चाय, चंबा रूमाल, किन्नौरी शाल, कांगड़ा पेंटिंग, हिमाचली काला जीरा, हिमाचली चुल्ली तेल, चंबा चप्पल तथा लाहुली मोजे और दस्ताने को जीआई टैग मिल चुका है।