Himachal: बैंककर्मियों की हड़ताल से 100 करोड़ का कारोबार प्रभावित
Bank Strike In Himachal. यूनियन ने चेतावनी दी है कि अगर केंद्र सरकार ने उनकी मांगों को नहीं माना तो 11 12 और 13 मार्च को फिर देशव्यापी हड़ताल करेंगे।
शिमला, राज्य ब्यूरो। Bank Strike In Himachal. बैंक कर्मियों की हड़ताल का हिमाचल में भी खासा असर रहा। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के आह्वान पर हिमाचल के 17 राष्ट्रीयकृत बैंकों के साढ़े छह हजार कर्मचारी हड़ताल पर रहे। इससे करीब 100 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ है। वहीं, बैकों की हड़ताल की वजह से लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
यूनियन ने चेतावनी दी है कि अगर केंद्र सरकार ने उनकी मांगों को नहीं माना तो 11, 12 और 13 मार्च को फिर देशव्यापी हड़ताल करेंगे। इसके बाद भी सरकार का रवैया न बदला तो यूनियन के बैनर तले कर्मचारी पहली अप्रैल से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे। इस तरह पांच दिन की हड़ताल के कारण पांच सौ करोड़ रुपये का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। ग्राहकों को परेशानियों से जूझना पड़ेगा।
ये हैं मांगें
-वेतन में 20 फीसद की वृद्धि हो। 12. 25 फीसद की बढ़ोतरी यूनियन को मान्य नहीं है।
-सप्ताह में पांच दिन की बैंकिंग हो।
-पेंशन का अपडेशन किया जाए।
-फैमिली पेंशन में सुधार हो।
-अधिकारी वर्ग के काम के घंटे तय किए जाएं।
-सेवानिवृत्ति लाभों पर आयकर न लगाना।
एटीएम में दो दिन के लिए कैश
हड़ताल कर रही यूनियन का दावा है कि एटीएम में दो दिन तक पूरा कैश उपलब्ध है। इससे ग्राहकों को कोई दिक्कत नहीं आएगी। इसके अलावा ऑनलाइन बैं¨कग पर कोई असर नहीं हुआ है। बावजूद इसके कई ग्राहक बैंकों में आए। बैंकों के बाहर हड़ताल की सूचना पढ़ने के बाद उन्हें मजबूरन लौटना पड़ा।
17 बैंकों में कामकाज ठप
केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण बैंकों के कर्मचारी सड़क पर उतरे हैं। हिमाचल में इसका व्यापक असर हुआ है। 17 बैंकों में कामकाज ठप रहा। शनिवार को भी हड़ताल जारी रहेगी। अगर हमारी मांगें नहीं मानी तो मार्च में तीन दिन तक हड़ताल होगी। पहली अप्रैल से देशभर के कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे।
-गोपाल शर्मा, महासचिव यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन हिमाचल इकाई।