यूपीए सरकार ने हिमाचल से अन्याय किया : बिंदल
भाजपा के राज्य अध्यक्ष डॉ राजीव बिदल ने कहा की 15वें वित्त आयोग में 2020-21 के लिए 19309 करोड रुपए से अधिक की वित्तीय सहायता मिली है। ये देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हिमाचल को तोहफा है।
जागरण संवाददाता, शिमला : 15वें वित्त आयोग में 2020-21 के लिए 19309 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता मिली है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हिमाचल को तोहफा है। इससे पहले 13वें वित्त आयोग के समय केंद्र में कांग्रेस नीत यूपीए की सरकार थी। तब प्रदेश को प्रतिवर्ष 4338 करोड़ रुपये की औसत सहायता प्राप्त हुई। मोदी की सरकार आते ही 14वें वित्त आयोग में 14407 करोड़ रुपये की सहायता मिली।
यह बात भाजपा के राज्य अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने शुक्रवार को जारी बयान में कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को अपनी अंतरात्मा में झांककर देखना चाहिए कि जब केंद्र में उनकी सरकार थी तो हिमाचल के साथ इतना अन्याय और धोखा क्यों किया। हिमाचल की जनता इसे कभी भूल नहीं सकती। इससे विकास की गति पर विपरीत असर पड़ा। कांगेस हिमाचल के साथ अन्यायपूर्ण रवैया अपनाती रही। उसने हिमाचल का इतना बड़ा नुकसान क्यों किया, इसका जवाब कांग्रेस नेताओं को देना चाहिए।