विधानसभा का बजट सत्र शुरू, सिटिंग प्लान में बदलाव, ये विधायक पहुंचे मंत्री की कुर्सी के पास
Himachal Budget Session हिमाचल प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र मंगलवार को शुरू हो गया। सदन में सत्ता पक्ष के सिटिंग प्लान में बदलाव हुआ है।
शिमला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र मंगलवार को शुरू हो गया। सदन में सत्ता पक्ष के सिटिंग प्लान में बदलाव हुआ है। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं नाहन से विधायक डॉक्टर राजीव बिंदल पूर्व मंत्री अनिल शर्मा के साथ बैठे। सुखराम सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉक्टर राजीव सैजल के साथ बैठे। पांवटा साहिब के विधायक सुखराम चौधरी के मंत्री बनने के आसार हैं।
उधर, मंत्री बनने की दौड़ में कांगड़ा जिला के नूरपुर से विधायक राकेश पठानिया भी हैं। राकेश पठानिया पहले से ही मंत्री के नजदीक बैठते हैं। उनका भी मंत्री बनने की लिस्ट में नाम चल रहा है। दोवदारों की फेहरिस्त लंबी है। लेकिन मंत्री पद किसे मिलेगा यह पार्टी का शीर्ष नेतृत्व ही तय करेगा। सरकाघाट के विधायक कर्नल इंद्र सिंह और राकेश पठानिया एक साथ बैठे हैं।
तीसरी बार विधायक बने हैं सुखराम चौधरी
जिला सिरमौर के पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र से सुखराम चौधरी ने पहली बार 1998 में भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा था। लेकिन इस दौरान वह चुनाव हार गए थे। 2002 में पुन भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा और पहली बार पांवटा साहिब सीट से विधायक बने। दूसरी बार सुखराम चौधरी 2007 में विधायक चुने गए और इस दौरान मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने उन्हें मुख्य संसदीय सचिव पशुपालन व मत्स्य विभाग का दायित्व भी सौंपा। 2012 में सुखराम चौधरी एक बार फिर कांग्रेस नेता करनेश चौधरी से चुनाव हार गए तथा तीसरी बार 2017 में चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे। सुखराम चौधरी भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने से पहले बिजली बोर्ड में जेई के पद पर कार्यरत थे। सुखराम चौधरी शुरू से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े हुए रहे हैं। संघ से जुड़े होने के कारण उनके मंत्री बनने के ज्यादा क्यास लगाए जा रहे हैं।