जयराम, धूमल ने भी उठाया चौकीदारी का जिम्मा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मैं भी चौकीदार हूं अभियान के हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर जुड़ गए हैं। जयराम ने इस अभियान में स्वयं को शनिवार की रात को ही टविट कर लिया था।
राज्य ब्यूरो, शिमला : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शुरू किए 'मैं भी चौकीदार'ं अभियान में हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी जुड़ गए हैं। जयराम ने इस अभियान में स्वयं को जोड़ते हुए शनिवार की रात को ही ट्विटर अकांउट को अपडेट पर अपने नाम से पहले चौकीदार शब्द जोड़ लिया था। प्रदेश में रविवार सायं सात बजे तक तीन हजार भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस अभियान के साथ खुद को जोड़ने की घोषणा की। अभियान से जुड़ने वाले प्रमुख नेताओं में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, सांसद अनुराग ठाकुर, पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती, आइटी के धुरंधर चेतन बरागटा व कर्ण नंदा शामिल हैं।
'मैं भी चौकीदार'ं अभियान कांग्रेस की ओर से शुरू किए 'चौकीदार चोर है' का जवाब देने के लिए किया गया है। इससे जुड़ने के पीछे तर्क दिया गया है कि भ्रष्टाचारियों से देश को बचाने के लिए मैं चौकीदार का काम करूंगा। इसी तरह से स्वच्छता अभियान, महिला सशक्तीकरण और तमाम बुराइयों से देश और जनता को बचाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने स्वयं को चौकीदार घोषित किया है। मंत्रियों ने भी कहा 'हम भी चौकीदार'ं
सुरेश भारद्वाज, गोविद सिंह ठाकुर, डॉ. रामलाल मार्कंडेय और बिक्रम ठाकुर ने भी कहा, 'हम भी तमाम सामाजिक बुराइयों को दूर करने के लिए चौकीदार का काम कर रहे हैं।' इसके अलावा पूर्व मंत्री एवं विधानसभा में भाजपा के मुख्य संयोजक नरेंद्र बरागटा, संगठन महामंत्री पवन राणा, भाजपा विधायक सुरेंद्र शौरी, राकेश जम्वाल, विनोद कुमार, परमजीत सिंह पम्मी, कर्नल इंद्र सिंह, बलबीर सिंह वर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता इस अभियान से जुड़े हैं। भाजपा संगठन के सभी महामंत्रियों चंद्र मोहन ठाकुर, कृपाल परमार, राम सिंह ने भी अपने नाम से पहले चौकीदार जोड़ लिया है। भाजपा आइटी सेल के अधिकांश पार्टी कार्यकर्ता ट्वीट करने के साथ लिख रहे हैं कि कांग्रेस से देश को लूटने से बचाने के लिए चौकीदार बनकर सामने खड़ा होना जरूरी है। क्या है अभियान
याद होगा कि पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के दिग्गज नेता मणिशंकर अय्यर ने नरेंद्र मोदी को चायवाला कहकर अपमानित किया था। ठीक उसी तर्ज पर इस बार आम चुनाव में कांग्रेस ने मोदी को 'चौकीदार चोर है' कहने का सिलसिला शुरू किया है। भाजपा ने इसकी काट निकालते हुए 'मैं भी चौकीदार'ं अभियान छेड़ दिया है। स्वयं मोदी ने एक वीडियो जारी कर देशवासियों से 31 मार्च शाम छह बजे तक एक वीडियो प्रोग्राम 'मैं भी चौकीदार'ं में शामिल होने की अपील की है।