विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अनित जसवाल बने NSUI हिमाचल प्रदेश के नए अध्यक्ष, सुंदरनगर से शुरू किया था छात्र राजनीति का सफर

Published: Fri, 30 Oct 2026 05:39 PM (IST)

भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) हिमाचल प्रदेश को अनित जसवाल के रूप में नया अध्यक्ष मिल गया है। मंडी जिले ...और पढ़ें

अनित जसवाल बने NSUI हिमाचल प्रदेश के नए अध्यक्ष। फोटो जागरण

अनित जसवाल बने NSUI हिमाचल प्रदेश के नए अध्यक्ष। फोटो जागरण

HighLights

  1. अनित जसवाल एनएसयूआई हिमाचल प्रदेश के नए अध्यक्ष चुने गए।

  2. उन्होंने सुंदरनगर से छात्र राजनीति का सफर शुरू किया था।

  3. संगठन को मजबूत करने और विस्तार पर काम करेंगे जसवाल।

राज्य ब्यूरो, शिमला। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) को हिमाचल प्रदेश में नया अध्यक्ष मिल गया है। मंडी जिले के सुंदरनगर निवासी अनित जसवाल को संगठन के आंतरिक चुनावों के माध्यम से प्रदेश अध्यक्ष चुना गया है। इससे पहले वह जिला मंडी में एनएसयूआई के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।

छात्र राजनीति में महाविद्यालय स्तर से शुरुआत करने वाले जसवाल अब प्रदेश में संगठन का नेतृत्व करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने के बाद अनित जसवाल ने प्रेसवार्ता में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, एनएसयूआई के राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार और राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ सहित प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू का आभार जताया।

उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, मुख्यमंत्री के ओएसडी रितेश कपरेट, युवा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष छतर सिंह ठाकुर, पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष मनीष ठाकुर और प्रवीण मिन्हास का भी आभार व्यक्त किया। जसवाल ने एनएसयूआई के सभी कैंपस अध्यक्षों का सहयोग के लिए धन्यवाद किया।

साथ ही नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू के मार्गदर्शन और शीर्ष नेतृत्व के दिशा-निर्देशों के अनुसार संगठन को मजबूत करने और प्रदेशभर में इसका विस्तार करने के लिए काम करेंगे। उन्होंने प्रदेश में कांग्रेस सरकार की वापसी के लिए भी प्रयास करने की बात कही।

कैंपस महासचिव से प्रदेश अध्यक्ष तक का सफर

अनित जसवाल ने छात्र राजनीति की शुरुआत महाराजा लक्ष्मण सेन स्मारक महाविद्यालय सुंदरनगर से की। वर्ष 2021 से 2023 तक वह महाविद्यालय में कैंपस महासचिव रहे। इसके बाद 2023 से 2024 तक कैंपस अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली।

वर्ष 2024 से 2025 तक जिला उपाध्यक्ष और 2025 से 2026 तक एनएसयूआई जिला मंडी के अध्यक्ष रहे। अब उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है। इस अवसर पर एनएसयूआई के नवनिर्वाचित प्रदेश महासचिव रोहित कुमार और राहुल ठाकुर, जिला शिमला के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अवेश सुरान, संजौली महाविद्यालय के कैंपस अध्यक्ष संजय सरवान सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। संगठनात्मक चुनाव प्रक्रिया के तहत उनका चयन किया गया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।