अभिनेत्री प्रिटी जिंटा ने ग्रामीणों को दिया स्वच्छता का संदेश
अभिनेत्री ने अपने गांव के लोगों से मिलने के साथ बच्चों के साथ खूब मौज-मस्ती की। बच्चों के साथ उनका वीडियो वायरल हुआ है।
शिमला, राज्य ब्यूरो। फिल्म अभिनेत्री प्रिटी जिंटा ने दो दिन अपने पैतृक गांव रोहड़ू में बच्चों के साथ खूब मस्ती की। उसके बाद वह दिल्ली लौट गई। रोहडू में उन्होंने ग्रामीणों को स्वच्छता का पाठ भी पढ़ाया। शिमला की रहने वाली प्रिटी जिंटा हिमाचल की पहली फिल्म अभिनेत्री हैं, जिन्होंने मायानगरी में अलग मुकाम हासिल किया है। लंबे अरसे के बाद वह अपने गांव रोहडू पहुंची थी। इस दौरान उन्होंने अपने नालदेहरा स्थित बंगले काजायजा भी लिया।
पता चला है कि प्रिटी के भाई दिल्ली में अस्पताल स्थापित कर रहे हैं। ऐसे में दो दिन रोहडू में रहने के बाद वह दिल्ली रवाना हो गईं। अभिनेत्री ने अपने गांव के लोगों से मिलने के साथ बच्चों के साथ खूब मौज-मस्ती की। बच्चों के साथ उनका वीडियो वायरल हुआ है, जिसे सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है। इस वीडियो में वह गांव के बच्चों को सफाई का संदेश दे रही हैं और कह रही हैं कि गांव हमारा अपना है और इसे साफ रखना हमारी जिम्मेदारी है। गौरतलब है कि प्रिटी जिंटा हिंदी, तेलगू, पंजाबी सहित अंग्रेजी फिल्मों में भी अभिनय के जौहर दिखा चुकी हैं। मनोविज्ञान में उपाधि ग्रहण करने के बाद उन्होंने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत फिल्म दिल से की थी। उसी वर्ष वह फिल्म सोल्जर में दिखी।
उनका जन्म 31 जनवरी 1975 को शिमला के रोहड़ू गांव में हुआ। उनके पिता दुर्गानंद जिंटा भारतीय थलसेना में अफसर थे। जब प्रिटी 13 वर्ष की थी तब उनके पिता कार दुर्घटना में चल बसे थे। उनके दो भाई दीपांकर और मनीष हैं। प्रीटी ने शिमला से ही स्कूली और कॉलेज की शिक्षा ग्रहण की।
यह भी पढ़ें: मनाली में बनकर तैयार हुआ कंगना का बंगला, जानिये क्या है खासियत