विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल के रामपुर बुशहर में घर में घुसे तेंदुए ने 62 वर्षीय महिला पर किया हमला, ग्रामीणों में दहशत का माहौल

Published: Wed, 07 Oct 2026 10:47 PM (IST)

शिमला के रामपुर उपमंडल के नेहरा गांव में तेंदुए के हमले से 62 वर्षीय खीरी देवी घायल हो गईं, जिनका खनेरी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

घर में घुसे तेंदुए ने 62 वर्षीय महिला पर किया हमला।

घर में घुसे तेंदुए ने 62 वर्षीय महिला पर किया हमला।

HighLights

  1. तेंदुए के हमले से रामपुर में 62 वर्षीय महिला घायल

  2. नेहरा गांव में देर रात हुई घटना से दहशत

  3. ग्रामीणों ने वन विभाग से पिंजरा लगाने की मांग की

संवाद सहयोगी, रामपुर बुशहर (शिमला)। रामपुर उपमंडल की ग्राम पंचायत बाहली के नेहरा गांव में तेंदुए के हमले से 62 वर्षीय महिला घायल हो गई। घटना मंगलवार देर रात करीब दो बजे की है।

घायल महिला की पहचान खीरी देवी पत्नी स्वर्गीय बुद्ध राम के रूप में हुई है। उपचार के लिए उन्हें महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर खनेरी पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। जानकारी के मुताबिक खीरी देवी देर रात शौचालय जाने के लिए घर से बाहर निकली थीं। वापस लौटने पर वह जैसे ही कमरे में पहुंचीं, वहां तेंदुआ मौजूद था, जिसके कमरे जाने की भनक भी महिला को नहीं लगी।

महिला के कमरे में पहुंचते ही तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से महिला घबरा गईं और उन्होंने शोर मचाया। आवाज सुनकर परिवार और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया। जिसके बाद तेंदूआ मौके पर भाग गया।

ग्राम पंचायत बाहली की प्रधान बीना मेहता ने घटना की जानकारी फोन के माध्यम से दी। उन्होंने बताया कि खीरी देवी का खनेरी अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना के बाद ग्रामीणों में तेंदुए को लेकर भय बना हुआ है। ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रशासन व वन विभाग से क्षेत्र में तेंदुए को पकड़ने के लिए तत्काल पिंजरा लगाने की मांग की है।

साथ ही प्रभावित महिला को उचित मुआवजा देने और क्षेत्र में वन विभाग की गश्त बढ़ाने की मांग भी उठाई गई है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए की बढ़ती सक्रियता के कारण रात के समय घर से बाहर निकलना भी जोखिम भरा हो गया है। लोगों ने प्रशासन से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की है।