Move to Jagran APP

अनुराग का नारा, अनाडेल हमारा

By Edited By: Sun, 08 Apr 2012 12:29 AM (IST)
अनुराग का नारा, अनाडेल हमारा

जागरण प्रतिनिधि, शिमला : शिमला के अनाडेल मैदान को सेना से वापस लेने के अभियान के तहत शनिवार को 'अनाडेल वापस करो' रैली का आयोजन किया गया। यह रैली डेढ़ बजे रिज मैदान से लेकर मुख्यमंत्री आवास ओकओवर तक निकाली गई। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अनुराग ठाकुर की अध्यक्षता में एक लाख से अधिक हस्ताक्षरित बैनरों को मुख्यमंत्री को सौंपा गया। इस दौरान एचपीसीए के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे। शनिवार दोपहर डेढ़ बजे विभिन्न स्कूलों के बच्चे, स्वयंसेवी संगठनों के कार्यकर्ता और स्थानीय लोग रिज मैदान पर एकत्रित हुए। बच्चों ने हाथों में फुटबॉल, क्रिकेट बैट, हॉकी और बैडमिंटन पकड़े हुए थे। इससे वे यह बताने की कोशिश कर रहे थे कि उन्हें भी खेलने का अधिकार है। बच्चों ने अनाडेल वापस दो और फ्री अनाडेल जैसे बैनर भी पकड़ हुए थे। वे नारे लगा रहे थे कि उन्हें अनाडेल मैदान वापस चाहिए।

इसके बाद अनुराग ठाकुर की अगुवाई में रैली रिज मैदान से ओकओवर की ओर निकली। एचपीसीए ने बच्चों को इस दौरान टी शर्ट भी दी, जिस पर लिखा था कि अनाडेल हमारा है। गौर हो कि यह अनाडेल वापसी की मुहिम है, जिसमें सैकड़ों की संख्या में बच्चों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर