हिमाचल में 14 व 15 को बारिश-बर्फबारी के आसार
हिमाचल में भारी बर्फबारी होने के कारण अभी तक कई क्षेत्र देश-दुनिया से कटे हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार 12 फरवरी को भी मौसम साफ रहेगा।
शिमला, जेएनएन। हिमाचल में सोमवार को मौसम शुष्क बना रहा। कई दिन बाद धूप निकलने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली। प्रदेश में 12 फरवरी को मौसम साफ रहने की उम्मीद है। वहीं, 13 से 16 फरवरी तक मौसम फिर करवट बदलेगा। मौसम विभाग के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 14 व 15 फरवरी को बारिश व बर्फबारी और मध्यम व निचले क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। प्रदेश में 17 फरवरी को मौसम साफ रहने की संभावना है।
432 सड़कों पर बहाल नहीं हुआ यातायात गत दिनों हुई भारी बर्फबारी के कारण प्रदेश के कई क्षेत्र शेष विश्व से कटे हुए हैं। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में सोमवार को 432 सड़कें बंद रहीं। इन सड़कों पर यातायात बहाल नहीं हो सका। ऊपरी शिमला में बर्फबारी के बाद बंद सड़कों को बहाल करने के लिए लोक निर्माण विभाग के कर्मी जुटे रहे। रामपुर, निरमंड, आनी, काजा और ननखड़ी क्षेत्रों में सड़कें बंद हैं। इस कारण ग्रामीणों को यातायात समस्या झेलनी पड़ रही है। पांगी में छह मरीज, 40 विद्यार्थी व 300 से ज्यादा लोग फंसे रोहतांग दर्रे पर सोमवार को रुक-रुक कर बर्फबारी हुई। मौसम खराब रहने के कारण पांगी के लिए भुंतर व चंबा से हवाई उड़ान नहीं हो सकी। इस कारण पांगी में छह मरीज, 40 छात्र-छात्राएं व 300 से ज्यादा लोग फंसे हैं।