शिमला में भूकंप: रामपुर अस्पताल की दीवारों में आई दरारें, पत्थर गिरने से सहम गए मरीज
शुक्रवार सुबह शिमला जिले के रामपुर बुशहर और आसपास के क्षेत्रों में 4.1 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में दहशत फैल गई।

हिमाचल प्रदेश में शिमला जिले में भूकंप के झटके महसूस किए गए। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
शिमला-रामपुर में सुबह 4.1 तीव्रता का भूकंप आया।
खनेरी अस्पताल में दीवारों में दरारें, पत्थर गिरे।
भूकंप से दहशत, लेकिन किसी को चोट नहीं आई।
संवाद सहयोगी, रामपुर बुशहर (शिमल)। हिमाचल प्रदेश में शिमला जिले के रामपुर बुशहर और आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार सुबह भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। तड़के आए इन झटकों से जहां लोग नींद से जाग गए, वहीं रामपुर के खनेरी स्थित महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर में भी कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अस्पताल में भर्ती मरीज और उनके तीमारदार घबराकर उठ बैठे।
भूकंप के झटकों से अस्पताल परिसर के बाहर पत्थर की दीवार से कुछ पत्थर गिर गए। राहत की बात यह रही कि किसी के घायल होने की खबर नहीं है। सुबह 4:36 बजे भूकंप के झटके महसूस हुए, रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 4.1 रही।
दीवारों में आई दरारें
प्राप्त सूचना के अनुसार खनेरी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में पुरुष शौचालय की दीवार पर भूंकप से दरारें आई हैं और टाइलें गिरी हैं। भूकंप के झटके महसूस होते ही खनेरी अस्पताल में भर्ती मरीजों की नींद खुल गई। अचानक हुए कंपन से मरीजों और उनके साथ मौजूद तीमारदारों में डर का माहौल बन गया।
लोग घरों से बाहर निकल आए
वहीं दूसरी ओर नगर परिषद रामपुर के वार्डों का भी यही हाल रहा। भूंकप के बाद अधिकतर लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि क्षेत्र में किसी प्रकार के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।
