Bank Strike: रविवार को खुले अब 3 दिन बंद रहेंगे बैंक, क्या मिलती रहेंगी एटीएम और ऑनलाइन सेवाएं?
हिमाचल प्रदेश में बैंक कर्मचारी 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल पर रहेंगे, जिससे बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होंगी।

शिमला में रविवार को बैंक में कार्य करते कर्मी। जागरण
HighLights
बैंक कर्मचारी 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल पर।
एटीएम और ऑनलाइन भुगतान सुविधाएँ ग्राहकों के लिए उपलब्ध रहेंगी।
मुख्य मांगें: पांच दिवसीय बैंकिंग और पीएलआई वापसी।
जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश में रविवार को अवकाश के बावजूद बैंक शाखाएं खुली रहीं, लेकिन सामान्य दिनों की अपेक्षा ग्राहकों की संख्या कम रही। शिमला के मॉल रोड पर विभिन्न बैंकों की शाखाएं खुली रही, लेकिन इनमें ग्राहकों की संख्या सामान्य दिनों के मुकाबले काफी कम रहीं। बैंक कर्मचारियों की तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल के कारण अब सोमवार से बुधवार तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी।
एटीएम व ऑनलाइन पेमेंट सुविधा मिलेगी
हालांकि, हड़ताल के दौरान एटीएम और कैश डिपोजिट मशीनें चालू रहने की बात बैंक यूनियनों ने कही है। ऐसे में ग्राहकों को नकदी निकालने और मशीन के माध्यम से राशि जमा करने की सुविधा मिलती रहेगी, लेकिन शाखाओं में होने वाले अन्य बैंकिंग कार्य प्रभावित हो सकते हैं।
3 दिन बैंक बंद रहेंगे
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के हिमाचल प्रदेश संयोजक नरेंद्र शर्मा ने बताया कि बैंक कर्मचारी और अधिकारी 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल पर रहेंगे।
फाइव-डे वीक प्रमुख मांग
यूनियनों की प्रमुख मांग पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करना है। कर्मचारियों का कहना है कि शनिवार और रविवार को नियमित साप्ताहिक अवकाश दिए जाने से कामकाज की व्यवस्था अधिक बेहतर हो सकती है। इसके अलावा परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव योजना को वापस लेने की मांग भी की जा रही है। यूनियन नेताओं के अनुसार पीएलआई योजना को लेकर कर्मचारियों में असंतोष है। उनका आरोप है कि वित्तीय सेवा विभाग की ओर से योजना को एकतरफा लागू किया गया।
सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की स्थानांतरण नीति को लेकर भी यूनियनों ने सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि अधिकारियों के तबादले कई बार तीन, पांच, सात और नौ साल के अंतराल पर हजारों किलोमीटर दूर किए जा रहे हैं।
सरकार आगे आई तो टल सकती है हड़ताल
यूनियनों ने सरकार के समक्ष अतिरिक्त 40 मिनट कार्य अवधि का प्रस्ताव भी रखा है। उनका कहना है कि यदि सरकार बातचीत के लिए आगे आती है तो हड़ताल को टाला जा सकता है।
...तो अनिश्चितकालीन हड़ताल
मांगों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में अक्टूबर में अनिश्चितकालीन हड़ताल का निर्णय भी लिया जा सकता है। तीन दिन बैंक शाखाओं के बंद रहने से चेक भुगतान, नकद लेनदेन और अन्य शाखा आधारित सेवाओं के लिए ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
